मुंबई

प्रतापगढ़ किले की तलहटी में बनेगा वीर जीवाजी महाले का भव्य स्मारक, महाराष्ट्र सरकार ने मंजूर किए 1 करोड़ रुपए

Veer Jivaji Mahale: महाराष्ट्र सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर सहयोगी जीवाजी महाले की स्मृति में प्रतापगढ़ किले की तलहटी में भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की है। परियोजना के पहले चरण के लिए 1 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसकी जानकारी पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने विधानसभा में दी।
2 min read
Jul 09, 2026
Veer Jivaji Mahale Memorial
प्रतापगढ़ किले की तलहटी में बनेगा वीर जीवाजी महाले का भव्य स्मारक, (ANI PHOTO)

Maharashtra Government:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज के अनन्य सहयोगी वीर जीवाजी महाले की याद में एक भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की है। यह स्मारक ऐतिहासिक प्रतापगढ़ किले की तलहटी में बनाया जाएगा, जिसके पहले चरण के लिए 1 करोड़ रुपए की प्रारंभिक राशि भी आवंटित कर दी गई है। महाराष्ट्र विधानसभा में पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने इस संबंध में आधिकारिक बयान पेश करते हुए यह जानकारी दी।

पर्यटन मंत्री देसाई ने सदन को बताया कि हाल ही में उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के महाबलेश्वर दौरे के दौरान, शिव-प्रेमियों और कई सामाजिक संगठनों ने वीर जीवाजी महाले के योगदान को याद रखने के लिए एक स्मारक की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के साथ हुई उच्च स्तरीय चर्चा के बाद पर्यटन विभाग के माध्यम से इस भव्य स्मारक के निर्माण का निर्णय लिया गया।

'होता जीवा म्हणून वाचला शिवा'- शौर्य की अमर गाथा

पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित 'हिंदवी स्वराज्य' वीरता, आत्मसम्मान और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है. प्रतापगढ़ के ऐतिहासिक युद्ध के दौरान, जब छत्रपति शिवाजी महाराज के प्राण संकट में थे, तब वीर जीवाजी महाले ने अपनी अद्वितीय वीरता, सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए महाराज की जान बचाई थी। इतिहास की वह अमर कहावत है कि 'होता जीवा म्हणून वाचला शिवा' (अगर जीवा न होते, तो शिवा न बचते) आज भी उनकी इसी अतुलनीय वीरता और वफादारी की गवाही देती है।

ऐतिहासिक और विरासत पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

हर साल 10 नवंबर को प्रतापगढ़ किले पर बड़े उत्साह के साथ 'शिव प्रताप दिन' मनाया जाता है, जहां देश-विदेश से लाखों शिव-भक्त, इतिहासकार, छात्र और पर्यटक पहुंचते हैं। इस वजह से प्रतापगढ़ का ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। सालों से इतिहासकार और शिव-भक्त वीर जीवाजी महाले के स्मारक की मांग कर रहे थे। इस जनभावना का सम्मान करते हुए सरकार पर्यटन विभाग की भूमि पर एक बेहद सुंदर और भव्य स्मारक तैयार करेगी। मंत्री देसाई ने विश्वास जताया कि यह स्मारक प्रतापगढ़ में शिवकालीन विरासत पर्यटन (Heritage Tourism) को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा और देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए एक मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Updated on:
09 Jul 2026 03:44 pm
Published on:
09 Jul 2026 03:44 pm
Also Read
View All