मुंबई

Milk Price Hike: गोकुल के बाद अब वारणा दूध भी हुआ महंगा, आम आदमी को लगा महंगाई का एक और झटका

Warana Milk Price Hike: गोकुल के बाद अब वारणा दूध संघ ने भी दूध की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। वारणा के भैंस के दूध के बिक्री मूल्य में 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध में 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें आज से लागू कर दी गई हैं।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 9:26 AM IST
warana Milk Price Hike
गोकुल के बाद अब वारणा दूध भी हुआ महंगा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Warana Gokul Milk Rate Hike: महाराष्ट्र में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। अब दूध खरीदने के लिए अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। राज्य के दो प्रमुख सहकारी दूध संघों गोकुल और वारणा ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। गोकुल और वारणा दूध संघ ने भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये और गाय के दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। वहीं, वारणा दूध संघ ने भी दूध की खरीद और बिक्री दोनों के दाम बढ़ा दिए हैं। दूध की नई कीमतें लागू हो चुकी हैं।

गोकुल दूध की कीमतों में कितनी हुई बढ़ोतरी?

कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ यानी गोकुल ने गुरुवार को हुई संचालक मंडल की बैठक में दूध की कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया। इसके तहत भैंस के दूध की बिक्री कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की बिक्री कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

इस बढ़ोतरी के बाद गोकुल का दूध मुंबई में 84 रुपये प्रति लीटर और कोल्हापुर में 78 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष राजेश पाटील के मुताबिक, संघ के प्रशासकीय कार्यकाल के दौरान करीब 28 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इस नुकसान की भरपाई के साथ-साथ सूखे जैसी परिस्थितियों के कारण दूध की उपलब्धता में होने वाली कमी को देखते हुए कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

वारणा दूध की खरीद और बिक्री दोनों महंगी

दूसरी ओर, वारणा दूध संघ ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। संघ ने भैंस के दूध की खरीद कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की खरीद कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।

वहीं, दूध की बिक्री कीमत में भैंस के दूध पर 6 रुपये और गाय के दूध पर 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।

वारणा समूह के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. विनय कोरे ने बताया कि पशु चारे की बढ़ती कीमतों, पशुओं के रखरखाव, पशु चिकित्सा सेवाओं और दूध उत्पादन से जुड़े अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए दूध उत्पादकों को राहत देने और उत्पादन लागत की भरपाई के लिए यह फैसला लिया गया है।शनिवार से बढ़ी हुई दरें लागू कर दी गई हैं।

गोकुल से रोजाना 18 लाख लीटर दूध का संकलन

गोकुल दूध संघ से करीब 8,200 प्राथमिक दूध उत्पादक संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 17 से 18 लाख लीटर दूध का संकलन किया जाता है। करीब साढ़े पांच लाख किसान गोकुल को दूध की आपूर्ति करते हैं। अमूल के बाद गोकुल देश का दूसरा सबसे बड़ा दूध संघ है।

दूध खरीद की कीमतों में बढ़ोतरी से जहां पशुपालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं बिक्री दर बढ़ने से आम उपभोक्ताओं को अब दूध के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। महाराष्ट्र में गोकुल और वारणा जैसे बड़े दूध संघों के इस फैसले का असर खासकर मुंबई, कोल्हापुर और आसपास के इलाकों के दूध उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

Updated on:
21 Nov 2026, 9:26 AM IST
Published on: