मुंबई

मानसून का मौसम खत्म, लेकिन बारिश रहेगी जारी… अक्टूबर में खूब बरसेंगे बादल, IMD ने दी बड़ी अपडेट

Weather Forecast for October 2025: मौसम विभाग ने अक्टूबर में देशभर में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। जून से सितंबर की अवधि के दौरान सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
2 min read
Sep 30, 2025
Maharashtra Rain Alert
महाराष्ट्र में दिवाली तक हो सकती है तूफानी बारिश- IMD

चार महीने का मानसून सीजन (Monsoon Season Ended) मंगलवार 30 सितंबर को समाप्त हो गया, इस अवधि के दौरान देश में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही महाराष्ट्र में पिछले पंद्रह दिनों से जारी बारिश का कहर अब थमता दिखाई दे रहा है। सैकड़ों गांवों में बाढ़ के बाद अब स्थिति सामान्य हो रही है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अक्टूबर 2025 महीने को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, इस साल अक्टूबर में राज्यवासियों (Maharashtra Weather Forecast) को आमतौर पर महसूस होने वाली तपिश और उमस यानी ‘अक्टूबर हीट’ का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके बजाय, पूरे महीने सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र में अक्टूबर महीने में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। हालांकि मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में अक्टूबर महीने में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है।

दरअसल, दक्षिण पश्चिम मानसून (Monsoon Withdrawal) ने इस बार सामान्य से करीब एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे दी और अब राज्य से देरी से लौटेगा। सितंबर में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं कई जगह भूस्खलन और अतिवृष्टि की घटनाओं ने भी परेशानी बढ़ाई।

बारिश का जोर यहां रहेगा ज्यादा

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर में पूरे महाराष्ट्र में औसत से अधिक बारिश होगी, लेकिन कोकण और मध्य महाराष्ट्र में और ज्यादा बारिश के संकेत मिल रहे हैं।

देशभर में जून से सितंबर के बीच 108% बारिश दर्ज की गई है। मराठवाड़ा में तो यह आंकड़ा और भी चौंकाने वाला है, जहां इन चार महीनों में औसत से 139% ज्यादा वर्षा हुई। अकेले सितंबर महीने में यहाँ सामान्य से 215% और अगस्त में 169% अधिक बारिश दर्ज की गई।

अक्टूबर हीट से राहत

आमतौर पर मानसून की वापसी के दौरान आसमान साफ हो जाता है, जिससे तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जाता है। जमीन की नमी और दिन में उमस भरी गर्मी के कारण लोग अक्टूबर हीट का सामना करते हैं। लेकिन इस बार सितंबर में हुई जोरदार बारिश ने तस्वीर बदल दी है। मिट्टी में पर्याप्त नमी और बादलों की मौजूदगी की वजह से अक्टूबर की चिलचिलाती धूप महसूस नहीं होगी। इस तरह, महाराष्ट्र के लोगों के लिए यह अक्टूबर राहत लेकर आएगा।

दिसंबर तक सामान्य से अधिक बारिश की भविष्यवाणी

जून से सितंबर तक का चार महीने का मानसून सीजन आज 30 सितंबर को आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया। इस अवधि में देशभर में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि उत्तर-पश्चिम के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर भारत के अधिकांश भागों में अक्टूबर से दिसंबर तक सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं, देश में अक्टूबर में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है, जो दीर्घावधि औसत 75.4 मिलीमीटर से 115 प्रतिशत अधिक है।

Updated on:
30 Sept 2025 10:57 pm
Published on:
30 Sept 2025 10:51 pm