मुंबई

महाराष्ट्र में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: शनिवार को आंधी-बारिश का असर बढ़ेगा, अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं, शनिवार को 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
2 min read
Jul 17, 2026
Maharashtra Rain Alert
फोटो सोर्स-ANI (File Photo)

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताते हुए करीब 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि अभी पूरे राज्य में झमाझम बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव के संकेतों ने किसानों के साथ-साथ आम लोगों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं।

जुलाई का महीना आमतौर पर खेती के लिए सबसे अहम माना जाता है, लेकिन इस बार राज्य के अधिकांश इलाकों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इसकी वजह से खरीफ फसलों की बुवाई और बढ़वार प्रभावित होने लगी है। पिछले दो दिनों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जरूर हुई, जिससे उमस से राहत मिली, लेकिन कृषि के लिए जरूरी व्यापक बारिश अब भी नहीं हो सकी है।

कई जिलों में मेघगर्जना, बिजली चमकने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर महाराष्ट्र पर दिखाई दे रहा है। इसी सिस्टम के कारण शुक्रवार से कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां शुरू हुई हैं और शनिवार को इसका दायरा और बढ़ सकता है। इस दौरान कई जिलों में मेघगर्जना, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 20 जुलाई के बाद मानसून की गतिविधियां और मजबूत हो सकती हैं। यदि ऐसा होता है तो लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे कई जिलों को राहत मिल सकती है। हालांकि विशेषज्ञों ने यह भी संकेत दिया है कि इस साल प्रशांत महासागर में सक्रिय एल नीनो की स्थिति पूरे मानसून सीजन को प्रभावित कर सकती है।

इन इलाकों में बारिश होने का अनुमान

देशभर की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में सामान्य के मुकाबले लगभग 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कृषि और जल भंडारण को लेकर चिंता बढ़ी है।

शनिवार के लिए मौसम विभाग ने सातारा, पुणे, अहिल्यानगर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, धाराशिव, सोलापुर, लातूर, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, यवतमाल, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, गड़चिरोली, नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सांगली, कोल्हापुर, ठाणे, पालघर, नासिक, धुले और जलगांव समेत कुछ अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन महाराष्ट्र के मौसम के लिहाज से काफी अहम रहेंगे। यदि अनुमान सही साबित होता है तो राज्य के सूखे हालात में सुधार आने के साथ किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।

Updated on:
17 Jul 2026 03:36 pm
Published on:
17 Jul 2026 03:29 pm