मुंबई

रेल यात्रियों को राहत: वेलांकन्नि के लिए 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, 10 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग

Indian Railways Festive Special Trains: रेलवे ने वेलांकन्नि के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। बांद्रा टर्मिनस और वलसाड से चलने वाली इन ट्रेनों की बुकिंग 10 अगस्त से शुरू होगी।
2 min read
Aug 09, 2026
Indian Railway Special Trains
वेलांकन्नि जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर, पश्चिम रेलवे चलाएगा 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें (Photo: IANS)

Velankanni Special Trains: वेलांकन्नि जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ी घोषणा की है। त्योहारी मौसम के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से वेलांकन्नि और वलसाड-वेलांकन्नि-दहाणु रोड के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन विशेष किराये पर किया जाएगा।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रेनों में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच उपलब्ध रहेंगे। इन ट्रेनों की बुकिंग 10 अगस्त 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।

बांद्रा टर्मिनस-वेलांकन्नि स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 09059 बांद्रा टर्मिनस-वेलांकन्नि स्पेशल ट्रेन 27 अगस्त और 1 सितंबर को बांद्रा टर्मिनस से रात 9:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन क्रमशः शनिवार और गुरुवार को सुबह 10:05 बजे वेलांकन्नि पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 09060 वेलांकन्नि-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 30 अगस्त और 4 सितंबर को वेलांकन्नि से रात 12:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन बोरीवली, वसई रोड, पनवेल, कर्जत, लोनावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, वाडी, यादगिर, कृष्णा, रायचूर, मंत्रालयम रोड, अडोनी, गुंतकल, गुत्ती, ताडिपत्रि, येर्रगुंटला, कड़पा, राजमपेटा, रेणिगुंटा, काटपाडी, वेलूर छावनी, तिरुवण्णामलै, विल्लुपुरम, मइलादुतुरै और नागपट्टिनम स्टेशनों पर रुकेगी।

वलसाड-वेलांकन्नि-दहाणु रोड स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 09061 वलसाड-वेलांकन्नि स्पेशल ट्रेन 6 सितंबर को शाम 7:40 बजे वलसाड से रवाना होगी और मंगलवार को सुबह 10:05 बजे वेलांकन्नि पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 09062 वेलांकन्नि-दहाणु रोड स्पेशल ट्रेन 8 सितंबर को दोपहर 3:10 बजे वेलांकन्नि से रवाना होगी और गुरुवार को सुबह 5:30 बजे दहाणु रोड पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन वापसी दिशा में दहाणु रोड तक किया जाएगा।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में पालघर, वसई रोड, पनवेल, कर्जत, लोनावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, वाडी, यादगिर, कृष्णा, रायचूर, मंत्रालयम रोड, अडोनी, गुंतकल, गुत्ती, ताडिपत्रि, येर्रगुंटला, कड़पा, राजमपेटा, रेणिगुंटा, काटपाडी, वेलूर छावनी, तिरुवण्णामलै, विल्लुपुरम, मइलादुतुरै और नागपट्टिनम स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 09061 का वापी और दहाणु रोड स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव होगा।

10 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग

वेलांकन्नि जाने की योजना बना रहे यात्री ध्यान दें कि ट्रेन नंबर 09059 और 09061 की बुकिंग 10 अगस्त से शुरू होगी। यात्री टिकट सभी पीआरएस काउंटरों के अलावा आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से भी बुक कर सकेंगे।

त्योहारी सीजन में वेलांकन्नि जाने वाले यात्रियों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों से अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।

Updated on:
09 Aug 2026 02:42 pm
Published on:
09 Aug 2026 02:42 pm