
यूपी के एक इवेंट में पवन सिंह के फैंन ने की ऐसी हरकत (सोर्स: x-@SouleFacts/IMDb)
Pawan Singh UP event: भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो उत्तर प्रदेश में हुए एक इवेंट का बताया जा रहा है, जहां एक फैन उनसे मिलने के लिए स्टेज पर पहुंच गया। सिक्योरिटी और पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से हटाकर नीचे उतार दिया। हालांकि, पवन सिंह ने फैन को दोबारा स्टेज पर बुला लिया और उसके साथ फोटो भी खिंचवाई।
वायरल वीडियो में एक शख्स पवन सिंह के करीब जाने के लिए स्टेज पर चढ़ता नजर आता है। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड, पुलिसकर्मी और दूसरे लोग तुरंत उसे रोकने की कोशिश करते हैं। कुछ देर बाद फैन को पकड़कर स्टेज से नीचे उतार दिया जाता है।
घटना के दौरान पवन सिंह का ध्यान भी इस ओर जाता है। वो फैन को दोबारा स्टेज पर बुलाने के लिए कहते नजर आते हैं। वीडियो में उनके पास खड़ा एक शख्स फैन को आगे आने से रोकने की कोशिश करता दिखता है, लेकिन पवन उसे अपने पास आने देने पर जोर देते हैं।
फैन के स्टेज पर वापस आने के बाद पवन सिंह उसे अपने पास बुलाते हैं और सेंटर में खड़े होकर फोटो खिंचवाते हैं। इस दौरान वो पास में मौजूद एक व्यक्ति से फैन की फोटो लेने के लिए भी कहते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पवन सिंह के इस रवैये की चर्चा हो रही है। फैन को स्टेज से हटाए जाने के बाद उसे वापस बुलाकर फोटो खिंचवाने का यह पल वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना बस्ती में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम की है। कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर कई नेता, पुलिस अधिकारी और सिक्योरिटीकर्मी मौजूद थे। हालांकि, वायरल वीडियो में नजर आ रही घटना को लेकर आयोजकों और पवन सिंह की ओर से कोई अलग आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पवन सिंह इन दिनों एक्टिंग के साथ-साथ सिंगिंग में भी एक्टिव हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने तेलुगु फिल्म 'डकैत: ए लव स्टोरी' के एक गाने में अपनी आवाज दी थी। फिल्म में अदिवि शेष लीड रोल में हैं और पवन सिंह ने इस ट्रैक में कैमियो भी किया था।
वहीं, पवन सिंह फिलहाल रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का हिस्सा हैं। शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं, जिनमें दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी शामिल हैं। राजनीतिक हस्ती तेज प्रताप यादव भी इस शो का हिस्सा हैं। इससे पहले पवन सिंह रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में नजर आए थे। हालांकि, उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा और करीब 14 दिन बाद उन्हें शो से बाहर होना पड़ा था।
'भोजपुरी बवाल' के दौरान काजल राघवानी के एक पुराने किस्से ने भी पवन सिंह को चर्चा में ला दिया था। एक्ट्रेस ने उनके साथ एक फिल्म में काम करने का अनुभव साझा करते हुए दावा किया था कि स्क्रिप्ट में कथित तौर पर एक किसिंग सीन जोड़ा गया था।
काजल के मुताबिक, उन्होंने उस सीन को करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पवन सिंह सेट से चले गए थे। हालांकि, मौजूदा वायरल वीडियो में फैन को लेकर हुई घटना ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
Updated on:
10 Aug 2026 06:02 pm
Published on:
10 Aug 2026 06:02 pm
