मुंबई

प्रतीक यादव की मौत किस बीमारी से हुई? मुंबई से करवा रहे थे इलाज, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

Prateek Yadav Death: अधिकारियों के अनुसार, प्रतीक यादव को आज सुबह करीब 6 बजे भाजपा नेता अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट लखनऊ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2 min read
May 13, 2026
प्रतीक यादव अपनी पत्नी अपर्णा यादव के साथ (Photo: IANS)

मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव को तबीयत खराब होने पर उन्हें परिजन बुधवार (13 मई) सुबह सिविल अस्पताल ले गए, पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतीक की मौत किस कारण हुई। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रतीक किसी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने मांग की है कि प्रतीक यादव की मौत की जांच होनी चाहिए। सच सबके सामने आना चाहिए।

ये भी पढ़ें

Prateek Yadav Death: 55 मिनट में खत्म हो गई प्रतीक यादव की जिंदगी, मौत का कारण सामने आने का इंतजार

प्रतीक यादव की मौत का कारण क्या है?

अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिससे मौत का कारण पता चलेगा।

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) और अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह काफी समय से फेफड़ों से संबंधित बीमारी से परेशान थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्होंने मुंबई में भी लंबे समय तक अपना इलाज करवाया था। वह काफी दिनों तक मुंबई में ही ठहरे थे।

अपर्णा यादव कहां है?

घटना के समय प्रतीक की पत्नी व भाजपा नेता अपर्णा यादव असम में थीं और अपने पति की मृत्यु की सूचना मिलते ही वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। अपर्णा यादव राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं।

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी स्कूल के दिनों से शुरू हुई थी। बताया जाता है कि प्रतीक ने स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही अपर्णा को पसंद करना शुरू कर दिया था। दोनों करीब आठ साल तक रिश्ते में रहे, जिसके बाद साल 2011 में उन्होंने शादी कर ली।

जानकारी के अनुसार, दोनों की पहली मुलाकात एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में हुई थी। धीरे-धीरे ईमेल के जरिए बातचीत शुरू हुई और समय के साथ उनका रिश्ता मजबूत होता गया। शादी के बाद दोनों दो बेटियों के माता-पिता बने।

डॉक्टर बोले- सुबह नब्ज पूरी तरह बंद थी

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, प्रतीक को आज सुबह करीब 6 बजे अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडे ने बताया कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया, तब उनकी नब्ज पूरी तरह बंद हो चुकी थी और दिल ने काम करना बंद कर दिया था। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम के लिए शव को केजीएमयू भेजा गया है।

अखिलेश पहुंचे अस्पताल, श्रद्धांजलि दी

प्रतीक के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई है। हालांकि प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही सपा में कोई पद संभाला।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाई प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। वे लखनऊ स्थित केजीएमयू पहुंचे हुए हैं, जहां प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम किया गया। अखिलेश ने 'एक्स' पर लिखा, ‘प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।‘

ये भी पढ़ें

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ के सिविल अस्पताल में ली अंतिम सांसें
Updated on:
13 May 2026 11:20 am
Published on:
13 May 2026 11:01 am
Also Read
View All