मुंबई

मुंबई में 20 से ज्यादा घर, 300 अनुयायी… बांग्लादेशी ‘गुरु मां’ का 30 साल बाद काला साम्राज्य ध्वस्त!

पुलिस को संदेह है कि ज्योति ने अपना खुद का नेटवर्क बनाया था और इसके जरिए वह अवैध रूप से बांग्लादेशियों को देश में घुसपैठ कराती थी।

2 min read
Oct 17, 2025
Bangladeshi Guru Maa Mumbai
मुंबई पुलिस ने बांग्लादेशी ‘गुरु मां’ को किया गिरफ्तार (Photo: IANS/X)

मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेशी मूल की ट्रांसजेंडर ज्योति उर्फ अयान खान उर्फ ‘गुरु मां’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ज्योति पिछले करीब 30 साल से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रह रही थी। मुंबई में उसके सैकड़ों अनुयायी हैं जो उसे ‘गुरु मां’ मानते हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्योति का असली नाम बाबू अयान खान है। वह मुंबई के गोवंडी, रफीक नगर, कुर्ला, देवनार, नारपोली और ट्रॉम्बे इलाकों में सक्रिय थी। हैरानी की बात यह है कि उसके पास मुंबई में 20 से ज्यादा संपत्तियां हैं। हालांकि इसमें से कुछ पर अतिक्रमण किया गया है। पुलिस को शक है कि इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में भी कई अन्य लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

दरअसल, मार्च 2025 में मुंबई की शिवाजीनगर पुलिस ने रफीक नगर इलाके से कई बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान ज्योति के भी दस्तावेज जांचे गए थे, लेकिन उस समय उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य कागजात वैध प्रतीत हो रहे थे। इसलिए उसे छोड़ दिया गया था। बाद में पुलिस को जांच में पता चला कि ज्योति उर्फ़ ‘गुरु मां’ के सभी दस्तावेज फर्जी हैं। जब इन दस्तावेजों की गहराई से जांच की गई तो पूरा सच सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति ने गोवंडी और रफीक नगर में कई घर खरीदे हैं, जिनमें उसके अनुयायी रहते हैं। वे उसे अपना गुरु मानते हैं और उसे किराया भी देते हैं। पुलिस को शक है कि ज्योति ने अपना एक मजबूत नेटवर्क तैयार कर रखा था, जिसके जरिए उसने अब तक दर्जनों बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराया। बताया जा रहा है कि इनमें से कई लोग अब देश के अलग-अलग हिस्सों में पहचान छिपाकर फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाकर रह रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से कुछ की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें देह व्यापार जैसी गतिविधियों में धकेला गया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

मुंबई पुलिस ने अब ज्योति के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ज्योति को फर्जी दस्तावेज बनाने में किसने मदद की और वह इतने वर्षों से भारत में बिना पकड़े कैसे रह रही थी। पुलिस अब उसके अनुयायियों और पहचान के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Updated on:
17 Oct 2025 08:19 pm
Published on:
17 Oct 2025 08:06 pm