Maharashtra Politics: मुंबई के वर्ली में बीजेपी की महिला आरक्षण रैली के दौरान ट्रैफिक जाम से परेशान महिला ने मंत्री गिरीश महाजन को खरी-खोटी सुनाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
Girish Mahajan Traffic Jam: मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आयोजित एक रैली के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। दरअसल, महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष को घेरने के उद्देश्य से रैली निकाली गई थी, जिसकी वजह से घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। इसी जाम में एक महिला लंबे समय से संघर्ष कर रही थी। जाम से परेशान होने के बाद महिला का सब्र का बांध ऐसा टूटा कि कि उसने सीधे बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को ही 'गेट आउट' कह दिया।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि गिरीश महाजन जब मीडिया को संबोधित कर रहे थे, तभी यह महिला उनके पास पहुंची और चिल्लाने लगी। महिला ने बेहद गुस्से में कहा, 'यहां से बाहर निकलो, तुम्हारी वजह से ट्रैफिक जाम हो रहा है। क्या तुम्हें समझ नहीं आता? यहां सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं।' इसके बाद महाजन महिला को शांत कराने की कोशिश करने लगे, लेकिन महिला और भड़क गई। उसने सवाल उठाया कि रैली पास के किसी खुले मैदान में क्यों नहीं की जा सकती थी और सड़क क्यों रोकी गई। जब पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो महिला ने उन्हें भी टोक दिया और किसी से भी बात करने से इनकार कर दिया।
इस घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार गुट) ने इस वीडियो को शेयर कर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि बीजेपी महिला आरक्षण के नाम पर देश भर में जो 'तमाशा' कर रही है, उसका असली चेहरा इस महिला ने दिखा दिया है। एनसीपी नेता योगेश सावंत ने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए आम जनता को परेशान करना बीजेपी की आदत बन गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स भी दो धड़ों में बंट गए हैं। कुछ लोग महिला की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं कि उसने एक ताकतवर मंत्री के सामने अपनी बात रखी, वहीं कुछ लोग इसे विरोध का गलत तरीका बता रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिख रही लंबी वाहनों की कतारें वर्ली में हुए भारी ट्रैफिक जाम की गवाही दे रही हैं। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने भी तंज कसते हुए कहा कि यह गुस्सा बताता है कि जनता अब बीजेपी के 'नाटकों' से ऊब चुकी है और आने वाले समय में देश की महिलाएं बीजेपी को इसी तरह नकारेंगी।