
शशि थरूर-अश्विनी वैष्णव (फोटो सोर्स- ANI)
Shashi Tharoor Kerala Film Festival: केरल में 18वें इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री एंड शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल (IDSFFK) में 31 फिल्मों की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने रिपोर्टों का हवाला देते हुए केंद्र के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय पर सवाल उठाए और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। हालांकि, मंत्रालय ने थरूर के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि किसी भी फिल्म को स्क्रीनिंग की अनुमति देने से इनकार नहीं किया गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साफ किया कि 18वें इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री एंड शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल में किसी भी फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति रद्द या खारिज नहीं की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, छह फिल्मों से अधिक विस्तृत सिनॉप्सिस मांगा गया है। इसके अलावा फिल्मों के विषय को देखते हुए कुछ फिल्मों को संबंधित सेक्टरल अथॉरिटीज के पास समीक्षा के लिए भेजा गया है।
दरअसल, शशि थरूर ने सोमवार को इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा था कि उन्हें 31 फिल्मों की स्क्रीनिंग की अनुमति रोके जाने की खबर से झटका लगा है। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि से जुड़ा मुद्दा बताया। थरूर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से कथित तौर पर जिम्मेदार अधिकारियों के फैसले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी।
वहीं, उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक 31 फिल्मों को लेकर स्थिति को लेकर केंद्र और केरल सरकार के बयानों में अंतर है। केरल के संस्कृति मंत्री पीसी विष्णुनाध ने कहा था कि इन फिल्मों को अब तक स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं मिली है और राज्य सरकार केंद्र से मामले पर पुनर्विचार की मांग कर रही है। दूसरी ओर, केंद्र के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का कहना है कि फिल्मों को अनुमति देने से इनकार नहीं किया गया है और कुछ फिल्मों की अतिरिक्त समीक्षा चल रही है।
IDSFFK का 18वां संस्करण 25 से 30 सितंबर तक तिरुवनंतपुरम में आयोजित होना है। केरल स्टेट चलचित्र अकादमी की ओर से इस फेस्टिवल के लिए कुल 347 फिल्मों की स्क्रीनिंग के लिए सेंसर छूट की प्रक्रिया के तहत सूची भेजी गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, बाद में कुछ फिल्मों के लिए विस्तृत सिनॉप्सिस और स्क्रीनर भी उपलब्ध कराए गए।
Updated on:
21 Sept 2026 01:50 pm
Published on:
21 Sept 2026 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
