मुंगेली

सोती रही महिला, चोर कान से सोना नोचकर भागा… मुंगेली के एक ही घर में 4 महीने में दूसरी चोरी

Crime in Chhattisgarh: मुंगेली के ठाकुरकापा गांव में चार महीने में दूसरी बार एक ही घर को चोरों ने निशाना बनाया। इस बार बदमाश सो रही बुजुर्ग महिला के कान से सोने का आभूषण नोचकर फरार हो गया, जिससे महिला घायल हो गई।
2 min read
Jul 11, 2026
Mungeli Theft News
Mungeli Theft News: मुंगेली के एक ही घर में 4 महीने में दूसरी चोरी(photo-patrika)

Mungeli Theft News: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरकापा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। महज चार महीने के भीतर एक ही परिवार के घर में दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। इस बार बदमाश आधी रात घर में घुसा और सो रही बुजुर्ग महिला के कान से सोने का आभूषण खींचकर फरार हो गया। आभूषण खींचने से महिला का कान फट गया और वह घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

Mungeli Crime News: पहली चोरी में लाखों का सामान हुआ था पार

पीड़ित परिवार के अनुसार, 12 मार्च 2026 की रात भी उनके घर में चोरी हुई थी। उस समय चोर करीब 2.25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, एक लाख रुपये नकद और कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए थे। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

दूसरी बार बुजुर्ग महिला बनी निशाना

9 जुलाई की आधी रात बदमाश फिर उसी घर में घुस गया। घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर पहुंचे चोर ने सो रही जानकी बाई के कान से सोने का आभूषण खींच लिया। दर्द होने पर महिला की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाया। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। इस घटना में महिला का कान गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों में बढ़ा डर का माहौल

लगातार दूसरी चोरी के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहली घटना के बाद पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती तो दूसरी वारदात टाली जा सकती थी। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

एसएसपी ने बनाई विशेष जांच टीम

मुंगेली के एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस ने थाना प्रभारी को हटाने की मांग की

कांग्रेस नेता संजीत बनर्जी ने इस घटना को पुलिस की लापरवाही बताते हुए फास्टरपुर थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली चोरी का खुलासा नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े और उसी परिवार को दोबारा निशाना बनाया गया। वहीं, पीड़ित परिवार ने एसएसपी से चोरी गए सामान की बरामदगी, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
11 Jul 2026 06:29 pm
Published on:
11 Jul 2026 06:28 pm