मुजफ्फरनगर

जिन्ना तस्वीर विवाद: अब इस जिले में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता हुए उग्र, मोदी-योगी से कर दी ये बड़ी मांग

जिन्ना प्रकरण को लेकर एएमयू में फिलहाल क्लासिज भी सस्पेंड कर दी गई हैं।
2 min read
• •
Updated: 4 May 2018, 6:14 PM IST
amu issue

शामली। पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में लगी तस्वीर को लेकर हिंदूवादी संगठनों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शामली के शिव चौक में एएमयू के कुलपति तारिक मंसूर का पुतला फूंका।

इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने नगर में विभिन्न मार्गो से जुलूस भी निकाला और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही यूनिवर्सिटी से जिन्ना की तस्वीर हटाने को लेकर नारेबाजी की।दरअसल आपको बता दें कि शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक पर बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति का पुतला फूंका।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के कुलपति के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। सबसे पहले बजरंग दल के कार्यकर्ता बजरंग दल के कार्यालय पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रुप में शामली के शिव चौक पर पहुंचे। फिर वहां पहुंच कर उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति का पुतला फूंका। बजरंग दल के नेताओं का कहना था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी राष्ट्रद्रोही तत्वों का अड्डा बन चुकी है और वहां पर राष्ट्रद्रोह की ट्रेनिंग दी जा रही है।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को प्रतिबन्धित करने और उसके वीसी के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रदेश व केंद्र सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वीसी को जिन्ना की तस्वीर लगाने के बजाय शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जूते को अपने सर पर रखना चाहिए था, वह भी जिन्ना की तस्वीर से बेहतर होता।

आपको बता दें कि मामले को गरमाता देख अलीगढ़ के जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने जिले में शुक्रवार दोपहर दो बजे से इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश दिया है। उनका यह आदेश शनिवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।

Published on: