कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन पर रेप पीड़िता के पिता को भद्दी-भद्दी गालियां देने का आरोप
शामली. रेप पीड़िता के पिता को एक सपा विधायक द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। साथ ही ये भी आरोप है कि विधायक ने गालियों की बौछार कर गांव छुड़वाने तक की हिदायत दे डाली है। अब इस सपा विधायक की धमकी का ऑडियो पीड़ित ने वायरल कर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि अब यह बाहुबली विधायक गैंगरेप पीड़िता के परिजनों पर फैसले का दबाव बना रहा है। बता दें कि उक्त सपा विधायक का नाम नाहिद हसन है, जो कैराना से सपा के विधायक हैं।
दरअसल, मामला कोतवाली गंगोह क्षेत्र का है। जहां कैराना से विधायक के नाम से मिली धमकी के बाद थाना गंगोह का एक परिवार अपनी जानमाल को लेकर चिंतित है। अब एसएसपी से मिलकर पीड़ित परिवार ने कोतवाली में सपा विधायक नाहिद हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है। साथ ही पीड़ित परिवार ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा व संरक्षण देने की भी मांग की है।
पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि 29 जून को कैराना विधायक नाहिद हसन ने मोबाइल से धमकी देते हुए दर्ज केस में जबरन फैसला करने के लिए नाजायज दबाव बनाया। जब उन्होंने इससे इनकार किया तो उन्हें गंदी-गंदी गालियां दी गईं। साथ ही विधायक ने दुष्कर्म समेत अन्य फर्जी झूठे मुकदमों में फंसाने की भी धमकी दी। तहरीर के अनुसार विधायक ने फैसला न करने पर मुकदमे में बयान देने आने पर गोली मारने तक की धमकी दी है।
धमकी से आहत पीड़ित ने विधायक नाहिद हसन को बाहुबली नेता बताते हुए कहा है कि विधायक की धमकी के बाद उसे और परिवार वालों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। धमकी से घबराए पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर पूरी घटना से अवगत कराते हुए आडियो रिकार्डिंग तक होने की बात कही है। इस पर एसएसपी ने कोतवाली गंगोह में नाहिद हसन के खिलाफ तहरीर देने की बात कही। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई करने और उनके परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बता दें कि पीड़ित ने नाबालिग बेटी से गैंगरेप का आरोप लगाते हुए मौहल्ला गुजरान, खानपुर व थलापड़ा के आरोपियों पर पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। जब पुलिस ने 25 जून तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो पीड़ित ने पूरे परिवार के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। उलटा पीड़ित को ही कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करा दिया था। इसके बाद अब इस मामले में सपा विधायक की दखलंदाजी से मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है।