मुजफ्फरपुर

CCTV में साथ दिखे, मंदिर के पास की बातें… और फिर सिर में मार दी गोली; बॉयफ्रेंड ने की छात्रा की हत्या

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक छात्रा की हत्या उसके बॉयफ्रेंड ने ही गोली मारकर कर दी है। हत्या से पहले दोनों को साथ में घूमते हुए और घटनास्थल पर काफी देर तक बात करते हुए देखा गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 
2 min read
bihar news, muzaffarpur news, bihar crime news
मुजफ्फरपुर में प्रेमी ने की छात्रा की हत्या

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार की रात 22 साल की छात्रा निशा कुमारी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर सब्जी मंडी के पास हनुमान मंदिर के ठीक बगल में हुई। अचानक गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज से पता चला है कि हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतका का कथित बॉयफ्रेंड राहुल कुमार है।

CCTV में साथ दिखे, उसके बाद हुई हत्या

जब पुलिस ने भगवानपुर गोलंबर और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले, तो निशा अपने कथित प्रेमी राहुल के साथ पैदल गोलंबर की ओर जाती हुई दिखाई दी। स्थानीय दुकानदारों और चश्मदीदों के अनुसार दोनों हनुमान मंदिर के पास काफी देर से बैठे आपस में बातचीत कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि वे किसी बात पर आपस में बहस कर रहे हैं, लेकिन किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों बाद इस छात्रा की जान चली जाएगी।

बातचीत के दौरान अचानक चली गोली

मंदिर के पास बैठकर बातचीत करने के दौरान ही राहुल ने अचानक पिस्तौल निकाली और निशा के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली इतनी करीब से मारी गई थी कि निशा का भेजा बाहर आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे, तो छात्रा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो चुका था।

मोबाइल फोन ने खोला राज

पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन और निशा की चप्पलें बरामद की है। दिलचस्प बात यह है कि भागने की हड़बड़ी में राहुल अपना मोबाइल फोन वहीं छोड़ गया। वहीं, छात्रा निशा के मोबाइल फोन पर लगातार इनकमिंग कॉल आ रहे थे। जब सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी की मौजूदगी में पुलिस ने फोन उठाया, तो दूसरी तरफ से बात कर रहे एक युवक ने निशा को अपनी मौसी बताया। इस एक फोन कॉल और राहुल का मोबाइल फोन मिलने से पुलिस के लिए मृतका और आरोपी, दोनों की पहचान करना आसान हो गया।

समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपी

मृतका निशा कुमारी मूल रूप से पूर्वी चंपारण के केसरिया (दिलावरपुर गांव) की रहने वाली थी और अपनी पढ़ाई के लिए मुजफ्फरपुर के बीबीगंज में किराए के मकान में रह रही थी। वहीं, आरोपी राहुल कुमार समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और उसका ननिहाल मुजफ्फरपुर के ही मदापुर में स्थित है। पुलिस के अनुसार, राहुल के मोबाइल फोन में मिला सिम कार्ड उसके ननिहाल पक्ष की एक महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी, सिटी DSP विनीता सिन्हा और सदर थाना के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की एक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए हैं और क्राइम सीन को सील कर दिया गया है। सिटी SP ने कहा कि इस चरण में इस मामले पर टिप्पणी करना मुश्किल है, क्योंकि पुलिस मामले की जांच हर संभव एंगल से कर रही है।

Updated on:
31 Mar 2026 07:23 am
Published on:
31 Mar 2026 07:21 am