मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर में सड़क पर दौड़ता रहा युवक, पीछे से गोलियां बरसाते रहे बदमाश; शरीर में दागीं 5 बुलेट

Muzaffarpur Shootout: बिहार के मुजफ्फरपुर में मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने प्रभात नाम के एक युवक को दौड़ाकर 5 गोलियां मारी। इस वारदात के बाद रोहुआ चौक पर भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने डर के मारे अपनी शटर गिरा दी। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

2 min read
मुजफ्फरपुर का मुशहरी थाना

Muzaffarpur Shootout: बिहार के मुजफ्फरपुर में बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। अपनी जान बचाने की कोशिश में युवक सड़क पर दौड़ता रहा, जबकि हमलावर पीछे से उस पर लगातार गोलियां बरसाते रहे। इस गोलीबारी के दौरान युवक के शरीर में एक के बाद एक पांच गोलियां जा लगीं और वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ चौक पर हुई।

ये भी पढ़ें

पटना में BPSC TRE-4 की वैकेंसी पर बवाल; पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को घसीटा, छात्रों को हिरासत में लिया

अपराधियों ने अचानक प्रभात को घेरा

दिनदहाड़े हुए इस वारदात में घायल युवक की पहचान प्रभात के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभात मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ चौक के पास खड़ा था। बाजार में आम दिनों की तरह ही काफी चहल-पहल थी और लोग अपनी दुकानों व कामों में व्यस्त थे। अचानक, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ बेखौफ अपराधी वहां पहुंचे और प्रभात को चारों ओर से घेर लिया। इससे पहले कि युवक स्थिति को समझ पाता या भागने की कोशिश करता, हमलावरों ने अपनी कमर से देसी पिस्तौलें और तमंचे निकाले और उस पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया।

जान बचाने के लिए भागा प्रभात

जैसे ही पहली गोली चली रोहुआ चौक पर अफरा-तफरी मच गई। प्रभात अपनी जान बचाने की हताश कोशिश में सड़क पर दौड़ने लगा। हालांकि, अपराधियों ने उसका पीछा करना बंद नहीं किया। युवक अपनी जान बचाने के लिए आगे की ओर भागा, जबकि बाइक सवार हमलावर उसके पीछे भागे और उस पर गोलियां बरसाते रहे। अपराधियों ने तब तक ट्रिगर दबाना बंद नहीं किया, जब तक कि प्रभात को गोलियां नहीं लग गईं। इस हमले के दौरान, हमलावरों द्वारा चलाई गई पांच गोलियां प्रभात के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में जा धंसीं। गंभीर रूप से घायल प्रभात सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा और दर्द से कराहने लगा।

शटर गिराकर भागे दुकानदार

फायरिंग होते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। खौफ का आलम यह था कि स्थानीय दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के शटर और काउंटर खुले छोड़कर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर छिप गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा प्रभात

जैसे ही अपराधी मौके से फरार हुए, स्थानीय लोगों ने तुरंत खून से लथपथ पड़े प्रभात के पास पहुंचे। लोगों ने तत्काल मुसहरी थाना पुलिस को सूचना दी और घायल प्रभात को इलाज के लिए मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गए। जहां शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने कहा कि युवक का काफी खून बह चुका है और बेहतर इलाज के लिए उसे तुरंत मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की जानकारी मिलते ही मुसहरी थाने की पुलिस टीम दलबल के साथ तुरंत रोहुआ चौक पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। छानबीन के दौरान पुलिस ने घटना स्थल की सड़क से कई जिंदा कारतूस और गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने खुद इस बड़ी वारदात की पुष्टि की है। एसएसपी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता और अपराधियों की दुस्साहस को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम (SIT) का गठन किया गया है।

ये भी पढ़ें

पूर्णिया में कोल्ड ड्रिंक कहकर 7 साल की छात्रा को पिला दिया पेशाब, ग्रामीणों के हंगामे के बाद हेडमास्टर गिरफ्तार
Also Read
View All