मुजफ्फरपुर

पत्नी के अफेयर का चला पता, तो शिकायत करने पहुंचा पति; 1 हफ्ते बाद प्रेमियों ने शूटर भेजकर करा दिया कत्ल

मुजफ्फरपुर में एक पति को अपनी पत्नी के अवैध संबंध के बारे में पता चला। बदनामी के डर से वह शिकायत करने के लिए पत्नी के प्रेमी के घर गया। इसके बाद, पत्नी के प्रेमियों ने पति की हत्या करवा दी।
2 min read
bihar news, muzaffarpur news
घटना की जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां लव ट्रायंगल के चलते मकेश्वर पंडित नाम के एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मकेश्वर की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके पड़ोसी और उसके अपने बहनोई द्वारा मिलकर रची गई एक साजिश के तहत की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुन्ना पंडित और महेश पंडित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाला शूटर अभी भी फरार है।

एक पत्नी, दो प्रेमी और पति की हत्या

पुलिस जांच के दौरान जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार मृतक मकेश्वर की शादी को 12 साल हो चुके थे और उसके तीन छोटे बच्चे थे। पास में ही रहने वाले मुन्ना पंडित का काफी समय से मकेश्वर की पत्नी के साथ प्रेम संबंध चला रहा था। पड़ोसी होने के नाते मुन्ना का घर में आसानी से आना-जाना था। चौंकाने वाली बात यह है कि मकेश्वर के बहनोई महेश पंडित का भी उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध था।

मुन्ना और महेश दोनों एक-दूसरे के संबंधों से वाकिफ थे, फिर भी किसी को दूसरे से कोई आपत्ति नहीं थी। वे गहरे दोस्त बन गए और जब पति (मकेश्वर) उनके बीच बाधा बनने लगा तो उन्होंने उसे अपने रास्ते से हटाने के लिए मिलकर साजिश रची।

एक फोन कॉल ने खोला राज

एसडीपीओ (पश्चिम-1) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि हत्या से लगभग एक सप्ताह पहले मकेश्वर ने अपनी पत्नी को मुन्ना से फोन पर बात करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था। इस घटना के बाद मकेश्वर मुन्ना के घर गया और उसने कड़ा विरोध जताया और सख्त चेतावनी दी। इस दौरान दोनों के बीच तीखी झड़प भी हुई। राज खुलने के डर से और अपने रास्ते की बाधा को खत्म करने के मकसद से मुन्ना ने मकेश्वर को रास्ते से हटाने का फैसला किया। इस योजना को अंजाम देने के लिए उसने महेश के साथ मिलकर एक पेशेवर शूटर को हायर किया।

सुपारी देकर कराया कत्ल

साजिश के तहत 2 अप्रैल को किराए के शूटर ने मकेश्वर को गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के पिता बलजी पंडित के बयान के आधार पर एक मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत इकट्ठा किए और एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाकर मामले की जांच और छापेमारी की गई। तकनीकी निगरानी और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने मुन्ना और महेश को गिरफ्तार कर लिया।

फरार शूटर की तलाश जारी

एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मुन्ना ने ही पेशेवर शूटर का इंतजाम किया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शूटर की पहचान हो गई है और उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Updated on:
05 Apr 2026 07:57 pm
Published on:
05 Apr 2026 07:57 pm