नागौर

Nagaur Accident: नागौर में शादी समारोह से पहले बड़ा हादसा, दुल्हन सहित 15 लोग घायल; मची चीख पुकार

Road Accident In Nagaur: राजस्थान के नागौर जिले में शादी समारोह से पहले बड़ा सड़क हादसा हो गया। रविवार को मिनी बस पलटने से दुल्हन सहित 15 लोग घायल हो गए।

2 min read
Mar 08, 2026
हादसे में घायल महिला। फोटो: पत्रिका

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में शादी समारोह से पहले बड़ा सड़क हादसा हो गया। बासनी के निकट रविवार को मिनी बस पलटने से दुल्हन सहित 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार नायक समाज के लोग बापोड़ से स्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए नागौर आ रहे थे। तभी सुबह करीब 9 बजे बासनी से पांच किलोमीटर पहले मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुंरत घायल लोगों को बस से बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें

Jaipur Traffic News: जयपुर में सिग्नल फ्री होगी यह सड़क, 10.46 करोड़ का U-शेप ट्रैफिक सिस्टम तैयार; 40 मिनट का सफर 15 मिनट में होगा पूरा

हादसे में 15 लोग हुए घायल

सूचना मिलते ही कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। 15 घायलों में से 5 को बासनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, 10 घायलों को नागौर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। जेएलएन अस्पताल में भर्ती घायलों में पांच महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उनकी स्थिति की जानकारी ली।

शादी समारोह में जा रहे थे सभी लोग

हादसे में घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं ओर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। लेकिन, इससे पहले ही बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आवारा पशु जाने के कारण ड्राइवर घबरा गया और वाहन अनियंत्रित हो गया। ऐसे में तेज रफ्तार मिनी बस पलटी खा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।

बापोड़-बासनी सड़क मार्ग पर यातायात बा​धित

हादसे के चलते बापोड़-बासनी सड़क मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद फिर से यातायात सुचारू हो पाया।

ये भी पढ़ें

राजस्थान के 1256 गांव और 6 कस्बों को मिलेगा ईसरदा का पानी, नई लाइन बिछाने के लिए भूमि अवाप्ति प्रक्रिया तेज

Also Read
View All

अगली खबर