नागौर

Nagaur Murder: बच्ची को बात नहीं मानने पर मिली मौत की सजा, 6 साल की भांजी को मामा ने मारी गोली, नहीं मान रही थी नाना की बात

Mama Killed Bhanji: घर में मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद नाराज नाना व मामा ने छह वर्ष की मासूम बालिका की गोली मारकर हत्या कर दी। काका की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

2 min read
Mar 17, 2026
Rajasthan Police
मामला दर्ज करती पुलिस टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Niece Shot By Maternal Uncle: नागौर जिले के रोल थाना क्षेत्र में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। यहां घर में मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक मामा ने अपनी ही छह साल की मासूम भांजी को गोली मार दी। गोली लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और हड़कंप मच गया। पुलिस ने बच्ची के काका की रिपोर्ट पर आरोपी मामा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार मूंडवा निवासी रामूराम वनबागरिया ने रोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी छह वर्षीय भतीजी रोशन पुत्री कैलाश बनबागरिया कुछ समय से सरासनी गांव में अपने नाना के घर रह रही थी। रविवार को घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची ने नाना की बात नहीं मानी जिससे घर के लोग नाराज हो गए।

मामा ने गुस्से में चलाई गोली

आरोप है कि इसी बात से गुस्साए मामा चैनाराम वनबागरिया ने बंदूक उठा ली और गुस्से में बच्ची पर गोली चला दी। गोली लगते ही रोशन जमीन पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग भी सकते में आ गए और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलते ही नागौर जिले के रोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका के काका ने लिखवाई थी मामा के खिलाफ रिपोर्ट

पुलिस ने बताया कि मृतका के काका रामूराम की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मामा चैनाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच सुरपालिया थाना अधिकारी सुमन कुल्हरी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन उसकी तलाश जारी है।

Updated on:
17 Mar 2026 02:09 pm
Published on:
17 Mar 2026 08:56 am