नागौर

राजस्थान में BJP को फिर बड़ा झटका: नागौर जिला परिषद उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ने बीजेपी को हराया

उपचुनाव में शुरू से ही कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही थी। परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और पार्टी नेताओं ने इसे जनता का विश्वास करार दिया।
2 min read
Aug 22, 2025
कांग्रेस प्रत्याशी पुरखाराम भंवरिया ने दर्ज की जीत (फोटो- पत्रिका)

नागौर। जिले की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को मात दी है। जिला परिषद के वार्ड संख्या 12 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पुरखाराम भंवरिया ने भाजपा उम्मीदवार को कड़े मुकाबले में हराते हुए जीत दर्ज की। मतगणना शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित विधि कॉलेज में चार राउंड में पूरी हुई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी ने 7684 मत हासिल किए, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 7336 वोट मिले। इस तरह भंवरिया ने 348 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

इस उपचुनाव में शुरू से ही कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही थी। परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और पार्टी नेताओं ने इसे जनता का विश्वास करार दिया। चुनाव परिणाम जारी होते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और पुरखाराम भंवरिया के समर्थकों ने नारे लगाकर जश्न मनाया। चुनाव परिणाम के दौरान विधि कॉलेज के आसपास पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

यहां भी बीजेपी को लगा था झटका

गौरतलब है कि इससे पहले कुचेरा नगर पालिका के एक वार्ड में हुए उपचुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। वहां आरएलपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर भाजपा को शिकस्त दी थी। लगातार दूसरी बार उपचुनाव में हार से भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और जनता से जुड़ाव पर सवाल उठने लगे हैं।

लोग भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट- कांग्रेस नेता

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का श्रेय जनता को देते हुए कहा कि यह परिणाम साफ संकेत है कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट है। कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार जनता के मुद्दों की अनदेखी कर रही है और यही वजह है कि लोग अब कांग्रेस को विकल्प के रूप में चुन रहे हैं।

जीत दर्ज करने के बाद क्या बोले पुरखाराम भंवरिया

विजयी प्रत्याशी पुरखाराम भंवरिया ने भी जीत के बाद प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता की जीत है। भाजपा की गलत नीतियों और आमजन की उपेक्षा ने लोगों को बदलाव का मन बनाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

Updated on:
22 Aug 2025 02:50 pm
Published on:
22 Aug 2025 12:13 pm