नागौर

‘पुलिस समाज की सजग प्रहरी’

50 लाख की लागत से नवनिर्मित पुलिस अन्वेषण भवन, मीटिंग हॉल, खेल मैदान, सुलभ कॉम्प्लेक्स और चारदीवारी निर्माण के शुभारंभ
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2017, 10:56 PM IST
chandigarh police arrest culprits of kishangarh murder
police

डीडवाना. पुलिस समाज के सजग प्रहरी है। पुलिस का काम चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा है। इसके बावजूद पुलिस के जवान हर परिस्थिति में समाज को अपराध मुक्त रखने और कानून व्यवस्था कायम रखने में लगे रहते हैं।

प्रदेश के सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री यूनुस खान ने यह बात कही। वे यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 50 लाख की लागत से नवनिर्मित पुलिस अन्वेषण भवन, मीटिंग हॉल, खेल मैदान, सुलभ कॉम्प्लेक्स और चारदीवारी निर्माण के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। सानिवि मंत्री ने कहा कि पुलिस पर आरोप लगाना एक फैशन बन गया है, मगर विपरीत परिस्थितियों और नफ री की कमी के बावजूद पुलिस के जवान हर समय तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में अपराधों की कमी तभी आ सकती है जब समाज के लोग पुलिस का सहयोग करें और कानून व्यवस्था व यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 हजार और देश में डेढ़ लाख लोगों की मौत सडक़ दुर्घटनाओं में हो जाती है, जो गंभीर विषय है। इसलिए लोगों को कानून और सडक़ सुरक्षा के प्रति गंभीर होना होगा।

इस अवसर पर एसओजी के आईजी दिनेश एम एन ने कहा कि पुलिस का काम आसान नहीं है। इसके चलते कई बार पुलिसकर्मी परेशान रहने लगता हैए ऐसे में खेल मैदान बनने से वे तनाव मुक्त रह सकेंगे। उन्होंने कहा अपराध रोकना और जनता में असुरक्षा की भावना खत्म करना पुलिस का मुख्य ध्येय है। इसमें आम जन की भी भागीदारी आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक परिश देशमुख ने कहा कि जिले की दृष्टि से नागौर पुलिस डीडवाना व नागौर सर्किल में बंटी हुई है। इसमें से डीडवाना सर्किल में अपराध अधिक है। हालांकि पुलिस ने डीडवाना में अपराध रोकने में अच्छा कार्य किया है। देशमुख ने कहा कि जनता पुलिस की आंख कान है, ऐसे में जनता के सहयोग से ही अपराधों पर लगाम लगाई जा सकती है। इस मौके पर सेशन न्यायाधीश प्रदीप कुमार मोदी, उपखंड अधिकारी उत्तम सिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूनम चंद आदि थे। संचालन डॉ. गजादान चारण ने किया।

Published on: