
Didwana Kuchaman Zila Pramukh Election 2026: डीडवाना-कुचामन जिले में जिला प्रमुख पद के चुनाव में बड़ा ट्विस्ट आया है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाली RLP की जिला परिषद सदस्य उमा देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। नामांकन वापसी के बाद अब जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस, भाजपा और RLP के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस, भाजपा और RLP ने अपने प्रत्याशी उतारे थे। इसके अलावा वार्ड 30 से RLP की जिला परिषद सदस्य उमा देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी की समय सीमा तक उमा देवी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है।
जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस की ओर से पूनम (वार्ड 19), भाजपा से बुधाराम गरवा (वार्ड 10) और RLP से शिवपाल (वार्ड 11) ने नामांकन दाखिल किया था। वहीं, वार्ड 30 से RLP की जिला परिषद सदस्य उमा देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा था। अब उमा देवी के नामांकन वापस लेने के बाद तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
डीडवाना-कुचामन जिला परिषद में कुल 35 वार्ड हैं। चुनाव में कांग्रेस ने 14, भाजपा ने 12 और RLP ने 9 सीटें जीती हैं। जिला प्रमुख बनाने के लिए 18 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन बहुमत से 4 सीट दूर है।
भाजपा और RLP के साथ आने पर दोनों के पास कुल 21 सदस्य हो जाते हैं। ऐसे में जिला प्रमुख चुनाव में राजनीतिक गठजोड़ और सदस्यों के समर्थन की भूमिका अहम रहने वाली है। उमा देवी के नामांकन वापस लेने के बाद अब चुनावी मुकाबले में राजनीतिक दलों की रणनीति और वोटों का गणित निर्णायक होगा।
जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख निर्वाचन को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें नामांकन प्रक्रिया, निर्वाचन नियमों और आयोग के दिशा-निर्देशों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।
जिला प्रमुख पद के लिए आज मतदान और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं, उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव 26 नवंबर को होगा। इसके लिए निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन, मतदान और मतगणना की कार्रवाई की जाएगी।