नागौर

राजस्थान से बकरियां चोरी करने वाले MP से गिरफ्तार, पुलिस ने 200 CCTV फुटेज खंगाले, तब पकड़ में आए आरोपी

Makrana Goat Theft Case: राजस्थान के नागौर जिले में बकरियां चोरी करने वाले गिरोह का मकराना थाना पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी सड़क किनारे चर रही बकरियों को पहले मक्का का दाना और फल खिलाकर अपने पास बुलाते थे।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
Makrana Goat Theft Case
पुलिस गिरफ्त में बकरी चोर गिरोह के आरोपी।

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में बकरियां चोरी करने वाले गिरोह का मकराना थाना पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी सड़क किनारे चर रही बकरियों को पहले मक्का का दाना और फल खिलाकर अपने पास बुलाते थे। इसके बाद आसपास लोगों की आवाजाही कम होने पर बकरियों को कार में डालकर फरार हो जाते थे। बकरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने वारदात में काम ली गई काले रंग की कार भी जब्त की है। ​पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की रात और 6 अक्टूबर को कालवा गांव में बकरियां चोरी होने की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में कालवा छोटा निवासी रामेश्वरलाल और मनाना निवासी सुखाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए।

आरोपियों तक पहुंचने के लिए नागौर-खाटू रोड, बोरावड़-अजमेर, डेगाना, मेड़ता और परबतसर क्षेत्र में लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मक्का और फल का लालच देकर करते थे चोरी

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी सड़क किनारे चर रही बकरियों को मक्का का दाना और फल खिलाकर अपने पास बुलाते थे। जब बकरियां कार के नजदीक आ जाती थीं और आसपास लोगों की आवाजाही नहीं होती थी, तब आरोपी उन्हें उठाकर काले रंग की स्विफ्ट कार में डाल लेते थे। इसके बाद मौके से फरार हो जाते थे।

इंदौर क्षेत्र के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शहजाद खान (56), हामिद शेख (36) और विष्णु लोधी (43) को गिरफ्तार किया है। तीनों मध्यप्रदेश के इंदौर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई थानाधिकारी पंकज चौधरी के नेतृत्व में की गई। पुलिस को अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी खुलासे की उम्मीद है।

Updated on:
10 Oct 2026 11:37 am
Published on:
10 Oct 2026 11:37 am