नागौर

‘खाया हुआ माल, इस रैली से निकालेंगे हनुमान…?’ कांग्रेस नेता ने हनुमान बेनीवाल के खिलाफ खोला मोर्चा

Hanuman Beniwal: नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल आज हरियाणा विधानसभा चुनावों में दिग्विजय सिंह चौटाला के लिए वोट मांगेंगे। इसका कांग्रेस नेता मनीष मिर्धा ने खुलकर विरोध किया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2024, 2:52 PM IST
Feature image

Hanuman Beniwal: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का शोर गुरूवार शाम तक थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजस्थान के कई दिग्गज नेता भी हुंकार भरेंगे। इसी कड़ी में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी आज चार जनसभा करने जा रहे हैं। वहीं, अब हनुमान बेनीवाल के खिलाफ ज्योति मिर्धा के रिश्ते में चेचरे भाई और कांग्रेस नेता मनीष मिर्धा ने मोर्चा खोल दिया है।

दरअसल, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल हरियाणा में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन डबवाली से जननायक जनता पार्टी व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संयुक्त उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला के समर्थन में जनसभा करने जा रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस नेता मनीश मिर्धा ने बेनीवाल को किसान आंदोलन की याद दिलाई है।

'750 किसान हमारे अपने भाई, बहन व बुज़ुर्ग थे'

कांग्रेस नेता मनीष मिर्धा ने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि, "नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल जी यदि आप इस तीसरी (जेजेपी) रैली में जाते हैं (बाकी तीन के लिए आप स्वतंत्र हैं), तो आप अपने सभी चुनावी वादों और उन पर मत देने वाले मतदाताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाएंगे। याद रखिए, किसान आंदोलन में शहीद हुए 750 किसान हमारे अपने भाई, बहन व बुज़ुर्ग थे।"

उन्होंने आगे कहा कि, "आपने सदैव किसान, पीड़ित व शोषित की आवाज़ उठाने का दावा किया, किन्तु आपका यह कदम उन सभी भावनाओं के खिलाफ है। आपका किसान भाइयों के हत्यारों के समर्थन में चुनाव प्रचार में जाना, आपके व्यक्तित्व पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। आपका यह कदम (जेजेपी का समर्थन) भाजपा के खिलाफ प्रचार नहीं बल्कि किसान विरोधी ताकतों के पक्ष में प्रचार होगा। कृपया इससे बचें।"

हनुमान बेनीवाल को प्रचार से बचना चाहिए था- मिर्धा

इससे पहले एक अन्य ट्वीट में लिखा कि, "750 किसानों की शहादत पर खाया हुआ माल….इस संयुक्त रैली से निकालेंगे हनुमान…? आप जहां जाएं, आपकी पार्टी आपकी मर्ज़ी…पर यहां जाने से लोकसभा चुनावों में INDIA गठबंधन के सहयोगी रहे
हनुमान बेनीवाल को बचना चाहिए था? आप जिनके समर्थन में जा रहे हैं, ये वही हैं जिन्होंने किसान आंदोलन के नाम पर NDA और हरियाणा सरकार से इस्तीफा ना देकर, 5 साल मलाई खाई! क्या यही है हमारे किसानों की शहादत का सम्मान..?"

हनुमान बेनीवाल ने दी थी ये जानकारी

इससे पहले हनुमान बेनीवाल ने जानकारी दी थी कि कल दिनांक 03 अक्टूबर 2024 (गुरूवार) को हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जन -संपर्क सभाओं को संबोधित करूंगा। उन्होंने कहा था कि विधानसभा क्षेत्र डबवाली से जननायक जनता पार्टी व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संयुक्त उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला के समर्थन में ग्राम बनवाला में दोपहर 02:30 बजे जन सभा करूंगा। इसके अलावा हनुमान बेनीवाल आज हरियाणा में तीन और जगह जनसभा करने जा रहे हैं।

गौरतलब है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आरएलपी में गठबंधन हुआ था। नागौर सीट पर दोनों पार्टियो के संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी से उम्मीदवार ज्योति मिर्धा को शिकस्त दी थी। ज्योति मिर्धा के चचेरे भाई मनीष मिर्धा ने इस चुनाव में हनुमान बेनीवाल का तन-मन-धन से समर्थन किया था।

Updated on:
3 Oct 2024, 2:52 PM IST
Published on: