नागौर

Rajasthan : कुचामन में कोचिंग शिक्षक ने छात्र को मारे थप्पड़, फिर जूता उतारकर बेरहमी से पीटा, रिपोर्ट दर्ज

Rajasthan : कुचामनसिटी. डीडवाना रोड स्थित कोचिंग संस्थान में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। वहीं पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
2 min read
kuchaman city coaching teacher slaps student then shoe beat
Kuchaman City : फोटो को धुंधला किया गया है। फोटो पत्रिका

Rajasthan : कुचामनसिटी. डीडवाना रोड स्थित एक मशहूर कोचिंग संस्थान में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का करीब चार मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में शिक्षक, छात्र को लगातार थप्पड़ मारते और फिर जूता उतारकर उससे पिटाई करते दिखाई दे रहा है। हालांकि पत्रिका इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। परिजनों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्र गोविन्द पुत्र हनुमानराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि वह दस अक्टूबर को रोजाना की तरह पढ़ाई के लिए कोचिंग सेंटर गया था। इस दौरान शिक्षक श्योपाल दुधवाल ने कक्षा में उसके साथ मारपीट की। छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीटा और बेवजह अपमानित किया।

मारने की धमकी का आरोप

छात्र ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि पिटाई करने से उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। शिक्षक ने दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। कोचिंग संस्थान में छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर की जाने वाली कथित हिंसा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव ने बताया कि छात्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू की है।

जयपुर में भी हुआ था कुछ ऐसा मामला

इसी तरह का एक मामला 3-4 अक्टूबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर के गोपालपुरा बाईपास (रिद्धि सिद्धि तिराहे के पास) स्थित एक चर्चित कोचिंग संस्थान में हुआ था। जहां पर एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा की गई बर्बरता का मामला तूल पकड़ गया है। क्लासरूम के भीतर की गई इस मारपीट का लाइव वीडियो जब सोशल मीडिया पर लीक हुआ, तो विद्यार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते जयपुर के इस प्रमुख कोचिंग हब का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और गुस्साए छात्रों ने सड़कों पर उतरकर जमकर बवाल काटा, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा।

यह पूरा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब कोचिंग एकेडमी में सामान्य रूप से कक्षाएं संचालित हो रही थीं। क्लासरूम के अंदर पढ़ाई के दौरान एक छात्र ने मजाक या शरारत के मूड में शिक्षक के पास एक पर्ची पहुंचाई। उस छोटी सी पर्ची पर कुछ लिखा हुआ था। इस मजाकिया लाइन को पढ़ते ही शिक्षक का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे। उन्होंने तुरंत उस छात्र को अपनी सीट से उठाकर पूरी क्लास के सामने खड़ा कर दिया और उसकी पिटाई कर दी। क्लासरूम में मौजूद अन्य छात्रों ने इस अमानवीय घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था।

Updated on:
11 Oct 2026 06:23 pm
Published on:
11 Oct 2026 06:16 pm