
कुचामनसिटी। जयपुर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सोमवार को रैली में शामिल हुए गांव पलाड़ा निवासी देवराज सिंह की तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। सोमवार को रैली से घर लौटे तब देवराज की तबीयत काफी खराब थी। परिजन उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां से एसएमएस ले जाते समय देवराज ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पहुंचने पर पलाड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई।
मृतक देवराज सिंह के चाचा अजित सिंह ने बताया कि जयपुर रैली में शामिल होने के बाद देवराज घर पहुंचा तब उसकी तबियत बहुत ज्यादा खराब थी। परिजनों ने तत्काल कालवाड़ रोड पर स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां से एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। एसएमएस ले जाते समय रास्ते में ही देवराज ने शाम करीब 5.30 बजे दम तोड़ दिया।
देवराज सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को जयपुर में किया गया। भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा ने बताया कि देवराज सिंह मूल रूप से पलाड़ा गांव के निवासी थे, लेकिन परिवार अभी जयपुर में ही रहता है। रैली में शामिल होने के दौरान देवराज की तबियत बिगड़ गई थी। अंतिम संस्कार में समाज के लोग, रिश्तेदार और पलाड़ा क्षेत्र के ग्रामीण शामिल हुए।
मृतक के चाचा अजित सिंह ने बताया कि देवराज सिंह व किशन सिंह दो भाई है। दोनों पिछले कुछ वर्षों से जयपुर में रहकर निजी कंपनियों में नौकरी कर रहे थे। ऐसे में इनके पिता रामेश्वर सिंह व माता लाड कंवर भी पलाड़ा से जयपुर शिफ्ट हो गए। पिता रामेश्वर सिंह की मानसिक स्थिती ठीक नहीं है। देवराज के परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी, पांच साल का बेटा तथा चार साल की बेटी है। गांव के लोगों का कहना है कि बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।