बीआर मिर्धा कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन
नागौर. बीआर मिर्धा राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर मे मिर्धा कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी रक्तदान करने पहुंचे। रक्तदान करने के लिए 300 से अधिक छात्र-छात्राएं पहुंचे, लेकिन अलग-अलग कारणों से 235विद्यार्थी रक्तदान के लिए अयोग्य पाए गए। शेष 65 छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया। जानकारी अनुसार मिर्धा कॉलेज में रक्तदान करने पहुंची छात्राओं में से सिर्फ 5 फीसदी बेटियां ही रक्तदान के लिए योग्य मिली। जबकि 95 फीसदी बेटियों में में खून की कमी के चलते ररक्तदान करने के लिए अनफिट रहीं। कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए कॉलेज के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रेमसिंह बुगासरा व डॉ. प्रकाश नारायण ने भी रक्तदान किया। इससे पूर्व प्राचार्या सुनीता गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशमंत्री सरोज प्रजापत ने कहा कि रक्तदान से बढक़र दूसरा पुनीत कार्य नहीं हो सकता। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान से किसी परिवार को उजडऩे से बचाया जा सकता है। कृषि मण्डी व्यापार मण्डल अध्यक्ष भोजराज सारस्वत ने कहा कि जो लोग किसी न किसी रूप में त्याग करते हैं, ईश्वर उनकी मनोकामना पूर्ण करता है। विधि महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. दर्शनसिंह ने कहा कि जितना रक्तदान करोगे उतना ही स्वथ्य रहोगे। रक्तदान करने के कुछ समय बाद वापस उतना की रक्त स्वत: बन जाता है। प्राचार्य सुनीता गुप्ता ने रक्तदान के सम्बंध में फैले भ्रम को दूर करते हुए युवाओं को बढ़-चढक़र रक्तदान शिविर में भाग लेने की बात कही। उपाचार्य रामूराम राइका ने युवाओं का उत्साह वर्धन किया।
अभिनंदन किया
डीडवाना महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष अमराराम ने कहा कि पदाधिकारियों को विद्यार्थियों के साथ ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे कॉलेज के प्रतिभावान विद्यार्थी लक्ष्मण विश्नोई व कुलदीप का अभिनंदन किया।
इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम में डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़, डॉ. भूपेश चौधरी, डॉ. हेमाराम धुंधवाल, डॉ. पूर्णिमा झा, डॉ. प्रकाश नारायण की टीम ने रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट वितरित किए। संचालन एनएसएस प्रभारी डा. शंकरलाल जाखड़ ने किया। कार्यक्रम में जेएलएन अस्पताल की ओर से डा. सुनिता चौधरी, धर्मवीर सिंह, रामपाल, चन्द्रमोहन, रमजान, सुरेश आदि ने अपनी सेवाएं दी।