नागौर

Rajasthan: लंबे इंतजार के बाद राजस्थान के इस रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव, राज्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से क्षेत्र के विकास, शिक्षा, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने इस कदम का स्वागत किया है। क्योंकि लंबे समय से सुपरफास्ट ट्रेन के ठहराव की मांग चल रही थी।
2 min read
• •
Updated: 28 Jan 2026, 6:00 AM IST
Nawa City railway station
ट्रेन को हरी झंडी दिखाते राज्यमंत्री (फोटो-पत्रिका)

नावां शहर (नागौर)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली। वर्षों से चली आ रही मांग के बाद मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आधिकारिक ठहराव नावां सिटी रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया। इस उपलब्धि को क्षेत्रवासियों ने जनसंघर्ष, एकजुटता और जनशक्ति की जीत के रूप में देखा।

रात्रि करीब 11:30 बजे जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, पूरा परिसर जयघोष, तालियों और उत्साहपूर्ण नारों से गूंज उठा। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। इस अवसर पर प्रदेश सरकार में राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने नावां सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचकर मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके आगमन पर क्षेत्रवासियों ने स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

ये लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में रेल महा आंदोलन के प्रेरणास्रोत समाजसेवी मनोज गंगवाल मौजूद रहे। इसके अलाव भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस दौरान युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री को स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

वहीं ट्रेन के ड्राइवर, गार्ड एवं रेलवे कर्मचारियों का भी माला-साफा एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया गया। मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से क्षेत्र के विकास, शिक्षा, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

चूरू तक चलेगी जोधपुर-हिसार ट्रेन

चूरू-सादुलपुर रेलखंड के हडयाल स्टेशन पर सब-वे निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण आगामी दिनों में इस मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 14891 जोधपुर-हिसार रेल सेवा 27 जनवरी से 8 फरवरी तक जोधपुर से प्रस्थान कर केवल चूरू तक ही संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन चूरू-हिसार के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 14892 हिसार-जोधपुर रेल सेवा 28 जनवरी से 9 फरवरी तक हिसार के स्थान पर चूरू से प्रस्थान करेगी। परिणाम स्वरूप यह रेल सेवा हिसार-चूरू के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

Published on: