नागौर

मुकाबले का गणित:  नागौर के 14 वार्ड में सीधी टक्कर, 34 में बहुकोणीय बिसात

नगर परिषद नागौर में 60 वार्ड पार्षदों के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। यहां पर 12 वार्ड त्रिकोणीय संघर्ष में फंसे हुए है। यानि इनमें तीन-तीन प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे है। इसी तरह 11 वार्डों में भाजपा का मुकाबला निर्दलीयों से है। यानि सामने कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं है। इसी तरह 5 वार्ड में भाजपा व कांग्रेस की सीधी टक्कर है। यानि दोनों के मुकाबले में तीसरा कोई नहीं है।
3 min read
Sep 05, 2026
नागौर के काढडिया चौक में सजी चुनावी चौपाल। यहां शुक्रवार को शहर के वार्डों में पार्षद चुनाव को लेकर चल रही गतिविधियों पर बड़े-बुजुर्ग हथाई करते दिखे।
नागौर के काढडिया चौक में सजी चुनावी चौपाल। यहां शुक्रवार को शहर के वार्डों में पार्षद चुनाव को लेकर चल रही गतिविधियों पर बड़े-बुजुर्ग हथाई करते दिखे।

नागौर. नगर परिषद नागौर के 60 वार्ड में चुनावी मैदान की तस्वीर साफ हो चुकी है। मुख्य राजनीतिक दल भाजपा व कांग्रेस के साथ निर्दलीय व आरएलपी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट चुके है। चुनाव मैदान में 241 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे है, परन्तु 14 वार्ड ऐसे है जहां पर मुकाबला आमने-सामने का सीधा और कड़ा है। इनमें भी पांच वार्ड ऐसे भी है, जहां पर सीधे तौर पर कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी आमने-सामने है। यानि तीसरा प्रत्याशी कोई है ही नहीं। नागौर शहर के कुल 12 वार्ड ऐसे हैं, जहां जीत त्रिकोणीय संघर्ष में फंसी है। इन वार्डों में तीनों में से कोई एक बाजी मारेगा।

11 वार्डों में भाजपा के सामने सिर्फ निर्दलीय

नागौर में 11 वार्ड ऐसे हैं जहां भाजपा का मुकाबला मुख्य प्रतिद्वंदी दल कांग्रेस के प्रत्याशी से नहीं है। इन वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशी नहीं होने पर सीधा मुकाबला भाजपा बनाम निर्दलीय से रहेगा। वार्ड 4 में भाजपा की मंजू से निर्दलीय शारदा व सोहनी से टक्कर है। वार्ड 8 में भाजपा की रामज्योति का सीधा मुकाबला निर्दलीय प्रमिला तंवर है। वार्ड 9 में भी भाजपा के रघुवीर की सीधी टक्कर निर्दलीय पापालाल से है। वार्ड 14 में भाजपा के राकेश सेन के सामने निर्दलीय मुकेश कुमार व सुरेश पारीक है। वार्ड 24 में भाजपा के ओमप्रकाश के सामने निर्दलीय देवीशंकर व संतोष प्रत्याशी है। वार्ड 26 में भाजपा के पदमचंद के सामने निर्दलीय अभिषेक, जुबेदा, तौफीक खान, हड़मानराम है। वार्ड 18 में भाजपा के राजाराम का मुकाबला निर्दलीय जेठमल, ताराचंद, रामनिवास से है।

सीधा मुकाबला

वार्ड 48 में भाजपा की इंदिरा के सामने निर्दलीय पुष्पादेवी व प्रीती है। वार्ड 50 में भाजपा के विजय कुमार के सामने स्वतंत्र उम्मीदवार अब्दुल हाकिम, मो. असगर, सदाम हुसैन, सिराजुदीन है। इसी तरह वार्ड 58 में भाजपा के गुलाबचंद सांखला के सामने निर्दलीय ओमप्रकाश सांखला व पूजा सांखला मैदान में है। वार्ड 59 में भाजपा के सुनील गहलोत से निर्दलीय मनीष कच्छावा का सीधा मुकाबला है।

7 वार्ड में भाजपा नहीं कांग्रेस की चुनौती निर्दलीय

पार्षद के चुनाव में नागौर के 60 में से 7 वार्ड ऐसे है जहां पर कांग्रेस को निर्दलीय सीधी चुनौती दे रहे है। वार्ड 20 में कांग्रेस के सैयद सदाकत अली के सामने निर्दलीय अफराज अहमद, अब्दुल वहीद, ओमप्रकाश, मो. आसिफ व मो. रफीक है। इसी तरह वार्ड 40 में कांग्रेस की सितारा बानो के सामने निर्दलीय उम्मे कलसूम है। वार्ड 44 में कांग्रेस की संजू के सामने निर्दलीय गीता है। वार्ड 46 में कांग्रेस के प्रहलाद के सामने निर्दलीय भीकाराम व सुल्तानराम है। वार्ड 49 में कांग्रेस की रजिया बानो का निर्दलीय शबनम से मुकाबला है। वार्ड 51 में कांग्रेस के इकबाल का निर्दलीय डालाराम व राजू खां से तथा वार्ड 54 में कांग्रेस के रामनिवास को निर्दलीय चेनाराम चुनौती दे रहे है।

सिर्फ 5 में भाजपा व कांग्रेस आमने-सामने

60 में से केवल 5 वार्ड ही ऐसे है जहां सीधे तौर पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कोई तीसरा प्रत्याशी नहीं है। इनमें वार्ड 28 में कांग्रेस के अनिल भार्गव के सामने भाजपा के हरीराम, वार्ड 33 में कांग्रेस की ललिता के सामने भाजपा की संतोष, वार्ड 34 में कांग्रेस के विजय सांखला के सामने भाजपा के पन्नालाल भाटी, वार्ड 43 में कांग्रेस के धर्मेन्द्र के सामने भाजपा के छगनाराम और वार्ड 45 में कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह के सामने भाजपा के फुलचंद चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड नम्बर 32 इकलौता ऐसा वार्ड है जहां भाजपा, कांग्रेस व आरएलपी में त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां कोई अन्य प्रत्याशी नहीं है। यहां से भाजपा की लासादेवी, कांग्रेस की सीमा व आरएलपी की शारदा मैदान में उतरी है।

दो वार्ड में कांग्रेस बनाम आरएलपी

शहर के दो ऐसे वार्ड भी है जहां पर कांग्रेस और आरएलपी में सीधी टक्कर है। वार्ड 12 में कांग्रेस के लालचंद के सामने आरएलपी के राजू तथा वार्ड 41 में कांग्रेस के मो. सरीफ कुरैशी के सामने आरएलपी के मुईनुदीन है।

साठ वार्डों में प्रत्याशियों का गणित

सीधा मुकाबला : वार्ड 8, 9, 12, 28, 33, 34, 40, 41, 43, 44, 45, 49, 54, 59

त्रिकोणीय मुकाबला: वार्ड 4,14, 17, 24, 32, 42, 46, 48, 51, 55, 58, 60

तीन से अधिक प्रत्याशी: वार्ड 1, 2, 3, 5, 6, 7, 10, 11, 13, 15, 16, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 25, 26, 27, 29, 30, 31, 35, 36, 37, 38, 39, 47, 50, 52, 53, 56, 57

किसी को मिला मोतियों का हार तो किसी को बांसूरी

नागौर. नगर परिषद चुनाव प्रक्रिया में शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के प्रत्याशियों को उनके दल के पंजीकृत चुनाव चिह्न मिले। निर्दलीय उम्मीदवारों को अलग-अलग चुनाव चिह्न आवंटित किए गए है। किसी निर्दलीय प्रत्याशी को मोतियों का हार मिला तो किसी को बांसूरी। कोई हरी मिर्च चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं के बीच जाएगा तो किसी को चप्पल का निशान मिला है।रिटर्निंग अधिकारी गोविन्दसिंह भींचर ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। नगर परिषद के 46 भाजपा प्रत्याशियों को कमल का फूल, कांग्रेस के 47 प्रत्याशियों को हाथ तथा आरएलपी के 18 प्रत्याशियों को बोतल का चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।विभिन्न वार्डों में उतरे 130 निर्दलीय प्रत्याशियों को निर्वाचन विभाग की ओर से चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। सिम्बल मिलने के साथ ही प्रत्याशियों के जनसम्पर्क ने भी शुक्रवार को जोर पकड़ लिया। इसके साथ ही प्रत्याशी अपने चुनाव के साथ प्रचार सामग्री भी प्रकाशित करवा कर वितरित करने लगे है।

Updated on:
05 Sept 2026 01:17 pm
Published on:
05 Sept 2026 01:17 pm