
Nagaur Hotel Operator Dies: नागौर जिले में सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव के पास नीलकंठ होटल में होटल संचालक की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिपाल बिश्नोई ने होटल पर देशी कट्टा दिखाते समय फायर किया था, जिससे होटल संचालक रामदास उर्फ रामकुमार के सीने में गोली लग गई थी।
बता दें कि घायल को जोधपुर ले जाते समय एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में रामदास की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को नागौर शहर से गिरफ्तार किया। सोमवार को न्यायालय में पेश करने पर उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंपा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, डीएसटी एवं कोबरा टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महिपाल गोदारा पुत्र राणाराम बिश्नोई जोधपुर जिले के गोदारों का बास, नांदिया प्रभावती गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, सात अगस्त को होटल पर काम करने वाले रणजीत कुमार ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, महिपाल होटल पर आया, खाना खाने के बाद उसने चाय बनाने के लिए कहा। इसी दौरान होटल संचालक रामदास और महिपाल आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। महिपाल अपना देशी कट्टा दिखा रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। गोली रामदास के सीने में लगी और वह नीचे गिर गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीमें गठित कीं। टीमों ने आरोपी के मोबाइल नंबरों की सीडीआर का अवलोकन कर रूट चार्ट तैयार किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, पुलिस इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी को नागौर शहर से दस्तयाब किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिपाल बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। टीम में सदर थानाधिकारी किताब चौधरी, डीएसटी प्रभारी सुरेश कस्वा सहित सदर थाना और डीएसटी टीम के जवान शामिल रहे।