
नागौर। तेजा दशमी पर खरनाल मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हाईवे पर वाहनों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया। कई वाहन चालक गाड़ियों को तेज रफ्तार में लहराते हुए दौड़ाते नजर आए। वहीं, कुछ युवा हाथों में लाठियां लेकर हाईवे पर घूमते दिखे। इस दौरान हाईवे से सटे खेतों में भी तेज रफ्तार स्टंट किए गए। जानकारी के अनुसार स्टंटबाजी के दौरान करीब एक दर्जन वाहन पलट गए या दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
अखिल भारतीय श्री वीर तेजा जाट जन्मस्थली संस्थान के अध्यक्ष सुखराम खुड़खुड़िया ने कहा कि मेले से पहले ही पुलिस को स्टंटबाजी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सूचना दी गई थी, लेकिन मौके पर पुलिस व्यवस्था लाचार नजर आई। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए। कार्यवाहक एसपी आशाराम चौधरी ने कहा कि स्टंटबाजी करने वालों की वीडियो और फोटो के जरिए पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
नागौर में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के खरनाल मेले और साइकिल दौड़ के दौरान वाहनों से स्टंटबाजी कर मानव जीवन को खतरे में डालने के मामले में नागौर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल पांच वाहन जब्त किए। इनमें डीजे साउंड लगी दो पिकअप, एक बोलेरो कैंपर, एक कार और बिना नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल शामिल है।
कार्यवाहक जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में पुलिस ने मेले के दौरान वाहनों से स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों पर निगरानी रखी। पुलिस के अनुसार, मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच इस तरह की स्टंटबाजी से हादसा होने का खतरा था। इसे देखते हुए पुलिस टीम ने स्टंट करने वाले वाहनों को चिन्हित कर जब्त किया।
तेजा दशमी के अवसर पर 21 सितंबर को खरनाल में वीर तेजाजी महाराज का मुख्य मेला आयोजित हुआ। इससे एक दिन पहले 20 सितंबर से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। साइकिल दौड़ और मेले के दौरान वाहनों की भारी भीड़ के बीच कुछ वाहन चालकों की ओर से स्टंटबाजी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के बाद पुलिस थाना सदर नागौर की टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस उपाधीक्षक वृत्त नागौर जतिन जैन के निकटतम पर्यवेक्षण में थानाधिकारी किताब चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टंटबाजी करने वाले वाहनों की पहचान की और उन्हें जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की स्टंटबाजी पर निगरानी रखी गई थी। पुलिस की ओर से आगे भी ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।