नागौर

Nagaur : एयरगन के छर्रे से नवनिर्वाचित सरपंच की मौत, ग्रामीण स्तब्ध, सांसद हनुमान बेनीवाल ने की निष्पक्ष जांच की मांग

Nagaur News : गोटन (नागौर)। पंचायत चुनाव में 155 वोट से जीतकर सरपंच बनीं शैलू कंवर राजपुरोहित (56 वर्ष) की मंगलवार को खिलौना एयरगन से निकले छर्रे लगने से मौत हो गई। नवनिर्वाचित सरपंच के निधन से ग्रामीण स्तब्ध हो गए।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 8:36 PM IST
nagaur pellet newly elected sarpanch shailu kanwar rajpurohit dies villagers shock
Nagaur : नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित। फाइल फोटो पत्रिका

Nagaur News : गोटन (नागौर)। पंचायत चुनाव में 155 वोट से जीतकर सरपंच बनीं शैलू कंवर राजपुरोहित (56 वर्ष) की मंगलवार को खिलौना एयरगन से निकले छर्रे लगने से मौत हो गई। घटना घर में साफ-सफाई के दौरान हुई। छर्रा उनके सीने के दायीं तरफ लगा। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में भोपालगढ़ के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पति ने पुलिस को दी रिपोर्ट में इसे हादसा बताया है, जबकि घटनाक्रम की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस जांच कर रही है। इस घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीण स्तब्ध हो गए।

जोधपुर ले जाते समय तोड़ा दम

शैलू कंवर राजपुरोहित के पति कानसिंह राजपुरोहित ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे शैलू कंवर घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान घर में रखी खिलौना एयरगन को इधर-उधर करते समय अचानक उसका ट्रिगर दब गया। इससे निकले छर्रे उनके सीने के दायीं तरफ लगे। घायल अवस्था में उन्हें गोटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जोधपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

पुलिस उप अधीक्षक मेड़ता सिटी रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि पुलिस की निगरानी में गोटन चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पति ने लिखित रिपोर्ट में किसी तरह का संदेह नहीं जताया है। पुलिस मौत के कारणों और घटनाक्रम की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

सांसद हनुमान बेनीवाल ने की निष्पक्ष जांच की मांग

पोस्टमार्टम के दौरान नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर घटना को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से दूरभाष पर बात कर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करने की जानकारी भी दी।

155 वोट से जीती थीं चुनाव

गोटन थानाधिकारी सुमन चौधरी के अनुसार, परिजन ने एयरगन से फायर होने के हादसे की रिपोर्ट दी है। टुंकलियां ग्राम पंचायत से सरपंच निर्वाचित शैलू कंवर ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोट से हराया था। उनके एक बेटा व एक बेटी है। कार्यकाल शुरू होने के कुछ ही समय बाद उनकी मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं।