नागौर

नागौर सड़क हादसे में पति-पत्नी और भाभी की मौत: 5 दिन पहले खरीदी नई कार के उड़े परखच्चे, 2 मासूम बच्चे हुए अनाथ

नागौर के पांचौड़ी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और भाभी की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर घायल हो गया। कार पांच दिन पहले ही खरीदी गई थी।
2 min read
Aug 25, 2026
nagaur road accident kills couple
माडपुरा गांव के पास हादसे के बाद मौके पर डंपर और क्षतिग्रस्त कार (पत्रिका फोटो)

पांचौड़ी (नागौर): नागौर जिले के पांचौड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। खींवसर-माडपुरा सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और डंपर कार को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ सड़क से किनारे ले गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनकी भाभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिश्तेदार की शोकसभा से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, नागौर के माडपुरा निवासी सुगनाराम डूडी (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43), भाभी मानी देवी (40) और बड़े भाई धन्नाराम कार में सवार होकर बीकानेर के नोखा में एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने गए थे। शाम को करीब 6:20 बजे जब वे अपने गांव माडपुरा लौट रहे थे, तब गांव के पास ही यह हादसा हो गया।

गलत साइड में आ रहा था डंपर

प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, खींवसर से माडपुरा की ओर आ रहा डंपर गलत साइड में तेज रफ्तार से चल रहा था। सामने से आ रही कार के चालक ने डंपर को देखकर गाड़ी को साइड में करने का प्रयास किया, लेकिन डंपर ने कार को सीधी टक्कर मार दी।

5 दिन पहले खरीदी नई कार के उड़े परखच्चे

पांच दिन पहले ही खरीदी गई थी नई कार

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस कार में परिवार सवार था, उसे महज पांच दिन पहले ही नागौर के एक शोरूम से खरीदा गया था। कार पर अभी टेंपररी नंबर ही लगे हुए थे। भीषण टक्कर के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर 3 की मौत, घायल जोधपुर रेफर

हादसे में सुगनाराम डूडी, उनकी पत्नी सुवा देवी और भाभी मानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए बड़े भाई धन्नाराम (रिटायर्ड फौजी) को ग्रामीणों की मदद से तुरंत खींवसर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया।

गांव में छाया मातम

घटना के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पांचौड़ी थानाधिकारी ऊर्जाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डंपर को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताते चलें कि मृतक सुगनाराम खींवसर में कपड़े की दुकान चलाते थे। उनके एक नाबालिग बेटा और एक बेटी हैं। इस हृदयविदारक हादसे की खबर फैलते ही माडपुरा गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Updated on:
25 Aug 2026 12:09 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:09 pm