
Rajasthan : परबतसर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्षदों की किलाबंदी के बीच रविवार को वार्ड संख्या-2 की निर्वाचित पार्षद किरण सोलंकी अजमेर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा देने पहुंचीं। चुनावी सियासत से अलग किरण सोलंकी ने परीक्षा को प्राथमिकता दी और किलाबंदी से निकलकर परीक्षा में शामिल हुईं। पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। चुनाव को लेकर दोनों दल अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने में जुटे हुए हैं।
किरण ने बताया कि वह पिछले वर्ष भी सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में शामिल हुई थीं, लेकिन परीक्षा निरस्त हो गई। दोबारा भर्ती परीक्षा होने से वह पहले से तैयारी कर रही थीं। ऐसे में पालिकाध्यक्ष चुनाव के बीच परीक्षा की तारीख आने पर उन्होंने परीक्षा में शामिल होने को प्राथमिकता दी।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर पुन: भर्ती परीक्षा-2021 रविवार को हुई। हिंदी विषय में राज्य में पंजीकृत 2 लाख 18 हजार 114 में से 1 लाख 51 हजार 774 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। 66 हजार 340 परीक्षा से दूर रहे। कुल उपस्थिति 69.58 प्रतिशत रही। इसी तरह सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान के पेपर में 1 लाख 50 हजार 559 उपस्थित और 67 हजार 755 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 69.03 प्रतिशत रही।
परबतसर नगरपालिका की नई शहरी सरकार की तस्वीर सोमवार को साफ हो जाएगी। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के श्रीभगवान बंग और कांग्रेस के बजरंग माली आमने-सामने हैं। 25 निर्वाचित पार्षदों के मतदान से तय होगा कि नगरपालिका की बागडोर अगले कार्यकाल में किसके हाथों में होगी। अध्यक्ष पद का चुनाव सोमवार सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। नगरपालिका के सभी 25 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने 13 और कांग्रेस ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की है। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों के लिए प्रत्येक पार्षद का मत महत्वपूर्ण रहेगा। चुनाव परिणाम के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और पार्षदों के रुख पर शहर की नजर बनी हुई है।
अध्यक्ष पद के लिए मतदान बैलेट पेपर से होगा। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही नगरपालिका की नई शहरी सरकार का नेतृत्व तय हो जाएगा।
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को मतदान केन्द्र बनाया गया है। यहां निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के साथ मतदान प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। मतदान केन्द्र के आसपास करीब 200 मीटर की दूरी पर बैरिकेड्स लगाकर व्यवस्था की गई है।