नागौर

Nagaur Accident: गैस सिलेंडर से भरी पिकअप पलटी, मची चीख-पुकार, घायलों को भेजा गया जेएलएन अस्पताल

Nagaur Accident: हादसे में खरनाल निवासी रघुनाथ (55) और उनकी पत्नी परमा (52) समेत कुल 4 लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
2 min read
Feb 07, 2026
Feature image
हादसे के बाद की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

नागौर। नागौर-जोधपुर हाईवे पर स्थित खरनाल बस स्टैंड के पास शनिवार दोपहर गैस सिलेंडर से भरी पिकअप पलट गई। बस स्टैंड पर बैठे दंपति पिकअप की चपेट में आ गए, जिससे चीख-पुकार मच गई। हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गैस सिलेंडर सड़क पर इधर-उधर फैल गए। गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर में धमाका या रिसाव नहीं हुआ है, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।

बताया जा रहा है कि यह हादसा शनिवार की दोपहर करीब 1.30 बजे हुआ। 40 से अधिक घरेलू गैस सिलेंडरों से लदी एक पिकअप अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज गति से पिकअप सीधे बस स्टैंड की ओर बढ़ गई। उस समय वहां कई यात्री बस का इंतजार कर रहे थे, जिससे स्थिति बेहद भयावह बन गई।

सड़क पर बिखरे गैस सिलेंडर

अनियंत्रित पिकअप ने बस स्टैंड पर बैठे एक दंपती को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग बचाव के लिए इधर-उधर भागने लगे। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई और उसमें रखे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। सिलेंडरों के लुढ़कने से आसपास खड़े लोगों में दहशत फैल गई, क्योंकि जरा सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती थी।

बचाव के लिए दौड़े लोग

गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर में रिसाव या विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा भारी जनहानि हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।

ये लोग हुए घायल

हादसे में खरनाल निवासी रघुनाथ (55) और उनकी पत्नी परमा (52) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा पिकअप चालक झाड़ेली निवासी नृसिंहराम (26) और गोगेलाव निवासी विक्की (25) को भी चोटें आईं। चारों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही खरनाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाय अचानक सड़क पर आ गई थी, जिसके कारण चालक ने बचाव का प्रयास किया और वाहन पलट गया।

Updated on:
07 Feb 2026 06:06 pm
Published on:
07 Feb 2026 06:00 pm