
नागौर। ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत नागौर पुलिस ने पकड़ी एमडी बनाने की फैक्ट्री के मामले में कार्रवाई करते हुए एमडी बनाने के लिए काम आने वाले केमिकल की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का करीब 2500 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें दस्तयाब किया। इस प्रकरण में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मूण्डवा थानाधिकारी देवीलाल विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
नागौर पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कंप्यूटर और तकनीकी जानकारी में दक्ष हैं। कृतज्ञ राजेन्द्र ठाकुर बीटेक आईटी फाइनल ईयर तथा साहिल अतुल चौधरी बीटेक कंप्यूटर साइंस थर्ड ईयर का छात्र है। पुलिस ने इन्हें नागपुर से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में कोतवाली के उप निरीक्षक परबतसिंह, मूण्डवा थाने के हेड कांस्टेबल झुमरराम व कांस्टेबल मनफूल की विशेष भूमिका रही।
गौरतलब है कि गत 10 अगस्त को नागौर शहर के दीप कॉलोनी में एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर पुलिस ने मुख्य आरोपी महावीर को गिरफ्तार किया था। फैक्ट्री से 389.15 ग्राम एमडी, एक पिस्टल, कारतूस, 1.80 लाख रुपए, ट्रामाडोल कैप्सूल, करीब 25 लीटर केमिकल तथा एमडी बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई थी। अनुसंधान के दौरान पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लूणसरा निवासी महावीर जाट ने टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से नागपुर निवासी कृतज्ञ राजेन्द्र ठाकुर और साहिल अतुल चौधरी से संपर्क किया था। दोनों ने एमडी बनाने में प्रयुक्त होने वाला 2-ब्रोमो एवं 4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन केमिकल चीन से ऑनलाइन मंगवाकर महावीर को करीब दोगुने मुनाफे में बेचा था।
कोतवाली थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने 10 अगस्त को मूंडवा चौराहा के पास कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को निरुद्ध किया। उसके कब्जे से 261 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुई। एमडी परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई। पूछताछ करने पर बालक को एमडी की सप्लाई और इसे तैयार करने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दीप कॉलोनी में दबिश दी। यहां एक मकान में एमडी तैयार करने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से लूणसरा, हाल दीप कॉलोनी निवासी महावीर पुत्र हनुमान जाट को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार महावीर कुछ समय पहले नौ सेना से सेवानिवृत्त हुआ था और वह तीन महीने से यहां खुद के घर में एमडी बनाकर सप्लाई करने का काम कर रहा था। इस प्रकरण में अब तक पुलिस 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।