नागौर

Rajasthan: पोते-पोतियों के साथ वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग को आया हार्ट अटैक, अस्पताल ले जाते समय मौत

राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनाव में मतदान करने पहुंचे 74 वर्षीय गणपतराम भाकर के लिए शनिवार का दिन जिंदगी का आखिरी दिन बन गया। वह अपने पोते-पोतियों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। वोट डालने के बाद विद्यालय परिसर में ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 6:53 PM IST
Nagaur death
Nagaur: मृतक गणपतराम भाकर (फाइल फोटो-पत्रिका)

नागौर। लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए 74 वर्षीय गणपतराम भाकर शनिवार को अपने पोते-पोतियों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल भी किया, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी मतदान साबित होगा। वोट डालने के कुछ देर बाद ही विद्यालय परिसर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।

यह मामला डीडवाना-कुचामन जिले के सुदरासन का है। शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान चल रहा था। ग्राम पंचायत फोगड़ी के विद्यालय परिसर में मतदान केंद्र बनाया गया था। इसी केंद्र पर वार्ड संख्या 10 के मतदाता गणपतराम भाकर भी वोट डालने पहुंचे थे। वह अपने पौत्र-पौत्रियों के साथ मतदान केंद्र आए थे। मतदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह विद्यालय परिसर में ही मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हृदयाघात हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गणपतराम की तबीयत बिगड़ते ही मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए प्रयास शुरू किए। बिना समय गंवाए उन्हें डीडवाना अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया। मतदान के दिन हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई।

शारीरिक रूप से स्वस्थ थे गणपतराम

विद्यालय के प्राचार्य जयसिंह चाहर के अनुसार, गणपतराम शारीरिक रूप से काफी स्वस्थ थे। वह नियमित रूप से शारीरिक श्रम करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए। गणपतराम का लोकतांत्रिक व्यवस्था में गहरा विश्वास था। इसी विश्वास के चलते वह मतदान करने पहुंचे थे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जम्मू-कश्मीर में सेना में तैनात है बेटा

गणपतराम के पुत्र रामकिशन भारतीय सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। पिता के निधन की सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे। परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में रविवार शाम गणपतराम का अंतिम संस्कार किया गया। मतदान के दिन हुई इस दुखद घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
15 Nov 2026, 6:53 PM IST
Published on: