नागौर

Nagaur Accident: बारात आने की जगह आई 2 की मौत की खबर, शादी के घर में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Uncontrolled Loading Vehicle Overturned: नागौर जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
2 min read
Mar 11, 2026
Nagaur Accident
बडू घायलों को परबतसर अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक (फोटो: पत्रिका)

Rajasthan Road Accident: शादी समारोह के बीच मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नागौर में बडू के पास गौशाला के निकट एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार लाड़ोली गांव निवासी सुखराम बावरी के घर बेटी की शादी थी। मंगलवार सुबह बारात आने वाली थी, लेकिन बारात के देरी से पहुंचने के कारण कुछ लोग काम से बडू आ गए।

इसी दौरान एक लोडिंग गाड़ी में सवार होकर आए लोग गौशाला के पास पहुंचे तो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में लाड़ोली निवासी दीपक पुत्र बंशीलाल बावरी वाहन के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हीरालाल पुत्र सरवन बावरी को गंभीर चोटें आईं, जिनकी परबतसर अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

हादसे में गणेश पुत्र नानूराम बावरी और दिनेश बावरी पुत्र हुकमाराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत गंभीर होने पर अजमेर रेफर किया गया। वहीं लक्ष्मण पुत्र मोहनराम बावरी को परबतसर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि यह कैम्पर अजमेर जिले के पनेर गांव से शादी समारोह में आई हुई थी और उसी से लोग बडू की ओर जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई गोपाललाल मेहरा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

शादी वाले घर में मचा कोहराम

उधर हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिवार ने जल्दबाजी में विवाह की रस्में पूरी कर बारात को विदा किया। बाद में बड़ी संख्या में ग्रामीण बडू अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

Updated on:
11 Mar 2026 02:35 pm
Published on:
11 Mar 2026 09:40 am