नागौर

Nagaur: इकलौती बहन के घर 3 करोड़ रुपए का मायरा लेकर पहुंचे 5 भाई, सोना-चांदी और प्लॉट समेत ये दिया गिफ्ट

Rajasthani Wedding Bhaat: नागौर के 5 भाइयों ने अपनी इकलौती बहन के बच्चों की शादी पर एक अनोखी मिसाल पेश की। करीब तीन करोड़ रुपए का मायरा भरकर सबको हैरान कर दिया।
2 min read
Nov 30, 2025
Nagaur-Mayra
1 करोड़ 11 लाख की नकद राशि देते भाई (फोटो: पत्रिका)

Nagaur 3 Crore Rupees Mayra: नागौर के डेह कस्बे के 5 भाइयों ने सामाजिक सद्भाव और बहन के प्रति अगाध प्रेम की अनूठी मिसाल पेश की है। मायरा भरने बहन के यहां पहुंचे पांचों भाइयों ने अपनी इकलौती बहन की संतानों को करीब तीन करोड़ रुपए का उपहार दिया। हुलाश छाबा, प्रेम छाबा, शिव छाबा, अनिल छाबा और रमेश छाबा ने बहन अमराराम छाबा के बेटे प्रवीण तथा बेटी प्रियंका काला की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित मायरा (भात) की रस्म के दौरान यह सौगात भेंट की।

फोटो: पत्रिका

मायरे के दौरान ही सामाजिक जनों की उपस्थिति में पूरी नकदी, आभूषण और सामग्री भेंट की गई। नागौर के अमन्डानगर स्थित शादी समारोह स्थल पर भरा गया यह मायरा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मायरे में 1 करोड़ 11 लाख रुपए नकद, 40 तोला सोना, सवा पांच किलो चांदी और नागौर शहर में करीब एक करोड़ रुपए मूल्य का एक प्लॉट दिया गया।

यह होती है मायरे की रस्म

बेटी के बच्चों की शादी होने पर ननिहाल पक्ष की ओर से मायरा भरा जाता है, जिसे भात भी कहा जाता है। इस रस्म में ननिहाल पक्ष की ओर से बहन के बच्चों को कपड़े, गहने, रुपए और अन्य सामान दिए जाते हैं। इसमें बहन के ससुराल पक्ष के लोगों के लिए भी कपड़े और जेवरात शामिल होते हैं। कई मामलों में इसमें शादी से अधिक खर्च भी हो जाता है।

पारंपरिक मूल्यों का निर्वहन

छाबा बंधुओं ने कहा कि हम पांच भाई और एक बहन हैं। यह हमारे परिवार का पहला मायरा था। बहन के सुखद भविष्य के लिए यह योगदान हमारे जीवन का सबसे संतोषजनक पल है। यह मायरा केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट रिश्ते और पारंपरिक मूल्यों का प्रतीक है।

Updated on:
30 Nov 2025 04:34 pm
Published on:
30 Nov 2025 02:58 pm