
नागौर. राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय हो गई है और वापस सत्ता में आने के लिए धरातल स्तर पर मजबूत होने का प्रयास कर रही है। पिछले तीन दिन से नागौर जिले के दौरे पर चल रहे जिला प्रभारी रामकुमार भूतड़ा ने बताया कि बूथों की संरचना एवं भाजपा को बूथ लेवल पर मजबूत बनाने के लिए कसरत की जा रही है। इसके लिए जिले की दसों विधानसभा में बूथ अध्यक्ष बनाए गए हैं, जो अपनी-अपनी विधानसभा के बूथों पर अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर संकल्प पत्र भरवाने का काम करने में जुट गए हैं।
जिला प्रभारी भूतड़ा ने बताया कि सभी बूथों पर अध्यक्ष बने हुए हैं, लेकिन उनकी सूचना आधी-अधूरी है, उनका भौतिक सत्यापन करने के लिए कि कहां-कहां काम नहीं हुआ है, उसे पूरा करने के लिए पार्टी के निर्देश पर बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से मिलकर बूथों का निर्माण पूरी तरह से करने का काम चल रहा है। हर विधानसभा में बूथ अध्यक्षों को सक्रिय करने का काम चल रहा है।
उन्होंने नागौर विधानसभा का बूथ अध्यक्ष होने के नाते सभी बूथ अध्यक्षों की मंगलवार को बैठक ली। नागौर विधानसभा में कुल 212 बूथ हैं, जबकि नागौर जिला शहर में एक हजार तथा नागौर जिला ग्रामीण में भी करीब एक हजार बूथ हैं। कुल मिलाकर पूरे जिले में दस विधानसभाओं में दो हजार बूथ हैं।
संकल्प पत्र भरवाएंगे
नागौर विधानसभा बूथ अध्यक्ष भूतड़ा ने बताया कि 212 बूथों में अध्यक्षों से संकल्प पत्र भरवाने के लिए उन्होंने मंगलवार को पांचों मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 21 लोगों की सूची बनेगी, इस प्रकार पूरे नागौर विधानसभा के 212 बूथों पर 4452 लोगों की सूची तैयार की जाएगी। इसी प्रकार अन्य विधानसभाओं में भी बूथ अध्यक्ष एवं लोगों को सक्रिय किया जा रहा है।
ये बने विधानसभा के बूथ अध्यक्ष
भाजपा ने विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष बनाए हैं, जो आगामी दिनों में अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्येक बूथ से अध्यक्षों एवं 21-21 लोगों की सूची तैयार करेंगे। नागौर विधानसभा में रामकुमार भूतड़ा, नावां में रामचंद्र उत्ता, जायल में ओमप्रकाश मोदी, मेड़ता में जगवीर छाबा, परबतसर में सरोज प्रजापत, खींवसर में मोहनराम चौधरी, डीडवाना में मोहनराज उपाध्याय, लाडनूं में महावीर प्रसाद ओझा, डेगाना में गिरधर पलोड़ एवं मकराना में रमाकांत को बूथ अध्यक्ष बनाया गया है।