मकान मालिकों को बंधक बनाकर दिया वारदात को अंजाम
खींवसर (नागौर). माडपुरा गांव में रविवार तड़के एक ज्वैलरी की दुकान व दो मकानों में घुसे बदमाशों ने करीब पचास लाख का माल पार कर लिया। चोरी किए गए माल में पौने दो लाख रुपए नगद, एक किलो सोना व चार किलो चांदी सहित कई आभूषण थे। बदमाशों ने चोरी से करने से पहले मकान मालिकों को बंधक बनाने के बाद घटना को अंजाम दिया। घटना के कुछ ही समय बाद लोगों को जानकारी लग गई, लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक ओमप्रकाश गौतम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
एसएफएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अज्ञात चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार ग्राम माडपुरा में तड़के तीन बजे के करीब चोरों ने भंवरलाल पुत्र कुम्भाराम सोनी के मकान एवं करणाराम पुत्र हीरालाल सोनी के मकान व दुकान के ताले तोड़कर दुकान व मकान में रखे एक लाख 66 हजार की नगदी, एक किलो सोना व चार किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरों ने पहले मकान मालिक एवं दुकानदार को बंधक बनाया। उसके बाद चोरी को अंजाम दिया। घटना के बाद लोगों ने भोर होने तक चोरों का पता लगाया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
चोरी की वारदात से पहले चोरों द्वारा रैकी करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उप अधीक्षक गौतम ने बताया कि घटना जिन घरों एवं दुकान में हुई उन दोनों के बीच करीब 10 मकान है, लेनिक चोरों ने बीच के मकानों को छोड़कर दोनों स्वर्णकारों के मकानों को निशाना बनाया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घटना से पूर्व रैकी की थी। गांव का कोई व्यक्ति भी घटना को अंजाम देने में शामिल हो सकता है। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। वर्ष 2017 में चोरी एवं लूट की वारदातों में इजाफा हुआ ह, लेकिन पुलिस इन मामलों में गम्भीर नहीं है। इस कारण लोग भयभीत है।
दिव्यांग पर टूटा दुखों का पहाड़
माडपुरा का भंवरलाल दोनों पैरों से दिव्यांग है और ज्वैलरी का काम कर परिवार का पेट पाल रहा था। रविवार तड़के उसके परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा और जमा पूंजी सहित उसकी बहनों व परिवार के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर लिये। भंवरलाल ने तड़के घर में चोरी की जानकारी मिलने पर आलमारी, सूटकेश व पेटी खोलकर देखी तो उसके होश फाख्ता हो गए। चोरों ने जेवरात रखे कमरों एवं दुकानों को छोड़कर शेष सभी कमरों को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि जाग होने के बाद भी कोई बाहर नहीं आए।
दर्ज करवाए अलग-अलग मामले
पांचौड़ी पुलिस थाने में भंवरलाल व करणाराम सोनी ने चोरी के अलग-अलग मामले दर्ज करवाए हैं। एएसआई सोहनलाल ने बताया कि भंवरलाल सोनी ने रखड़ी सेट, पत्ता सांकली, रामनवमी, कंगन सेट, शीश फूल, कंदोरा, ब्रेसलेट, अंगुठियां, लौकेट, फीणियां, पुणची, मुठिया, चैन, बालियां, गलपट्टा, ठुसी, पलड़ी, भुजबंद, बोर झालरी, छड़ा, बिछुडिय़ां, पुराने चांदी के सिक्के सहित 955 ग्राम सोना, दो किलो चांदी व 1 लाख 60 हजार रुपए नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दी है। जबकि करणाराम सोनी ने लूंग जोड़ी, लोकेट, छड़ा, चांदी का कच्चा माल सहित नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दी है।
वृद्धा ने जगाया
चोरी की घटना के दौरान पीडि़त करणाराम सोनी की मां गंगा को लघुशंका लगी उसने घर से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद था। इस पर उसे अनहोनी की शंका हुई तो उसने अपने दूसरे पुत्र अमृतलाल को फोन किया। अमृतलाल ने छत से आकर घर का दरवाजा खोला तो दुकान व मकान का ताला टूटा मिला। सामान बिखरा पड़ा था। वृद्धा ने परिवार के अन्य लोगों को जानकारी दी। बाद में पता चला कि भंवरलाल के घर से भी चोरों ने जेवरात व नगदी पार कर लिए हैं। उन्होंने भंवरलाल के माता-पिता व भाई को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया।