
नागौर. नागौर जिले के जायल व डीडवाना उपखंड मुख्यालय पर आज (मंगलवार) प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नहरी पेयजल परियोजनाओं के साथ अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन कर जिले की जनता को बड़ी सौगात देने जा रही हैं। हालांकि दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को आज किशनगढ़ होते हुए साढ़े 11 बजे तक जायल पहुंचना था, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे समय पर जयपुर से रवाना नहीं हो पाईं। इधर, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जायल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गर्मी को देखते हुए जनसभा के लिए डोम लगाया गया है, जिसमें दर्शकों के लिए कुर्सियां लगाई गई है। केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी, नागौर जिला प्रभारी मंत्री बंशीधर बाजिया, नागौर विधायक हबीबुर्रहमान, जायल विधायक मंजू बाघमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि सुबह ही जायल पहुंच गए तथा मंच एवं कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं जांची। 11 बजे तक डोम में लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया।
विकास कार्यों के उद्घाटन भी किए जाएंगे
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नागौर की नहरी परियोजना के द्वितीय चरण के तहत जायल व डीडवाना में पानी पहुुंचने पर उद्घाटन करने जा रही हैं। गौरतलब है कि द्वितीय चरण के लिए जापान की जायका से राज्य सरकार ने 3938 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। मंगलवार को जायल व डीडवाना में पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद दो मई को मुख्यमंत्री राजे दिल्ली जाएंगी तथा 3 मई को वापस आकर मकराना व लाडनूं में पेयजल परियोजनाओं के उद्घाटन करेंगी।
ये है मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एक मई को सुबह पौने 11 बजे विशेष विमान से जयपुर से रवाना होकर किशनगढ़ पहुंचेंगी, जहां से 11 बजकर 10 मिनट पर हैलीकॉप्टर से रवाना होकर साढ़े 11 बजे जायल पहुंचेंगी, जहां नहरी पेयजल परियोजना का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगी। जायल के उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में उनकी सभा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
जायल के बाद दोपहर सवा एक बजे मुख्यमंत्री हैलीकॉप्टर से रवाना होकर डेढ़ बजे डीडवाना पहुंचेंगी। यहां भी नहरी पेयजल परियोजना का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम डीडवाना में ही करेंगी।
2 मई को सुबह 10 बजे वे हैलीकॉप्टर से रवाना होकर किशनगढ़ पहुंचेंगी तथा वहां से विशेष विमान से दिल्ली जाएंगी। रात्रि विश्राम दिल्ली में करने के बाद वे 3 मई को साढ़े 10 बजे दिल्ली से रवाना होकर किशनगढ़ आएंगी, जहां से हैलीकॉप्टर से वे साढ़े 11 बजे मकराना जाएंगी। नहरी पेयजल परियोजना का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगी। दोपहर एक बजे मकरना से हैलीकाप्टर से रवाना होकर एक बजकर 20 मिनट पर लाडनूं पहुंचेंगी, जहां फिर नहरी पेयजल परियोजना का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगी। तीन दिन नागौर में रहने के बाद वे सीधे हैलीकॉप्टर से जयपुर चली जाएंगी।