नागौर

देर रात प्रदेश में अचानक बदला मौसम का मिजाज, कहीं आंधी ने किया परेशान तो कहीं हुई 1 इंच बारिश

देर रात प्रदेश में अचानक बदला मौसम का मिजाज, कहीं आंधी ने किया परेशान तो कहीं हुई 1 इंच बारिश  
2 min read
• •
Updated: 11 Jun 2018, 6:02 AM IST
rain
rain

नागौर।

राजस्थान में लगातार बदलते मौसम के बीच कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में देर रात मौसम ने एक बार फिर करवट ली और भिगो दिया। कहीं सूर्य देव बादलों के साथ अठखेलियां करते नजर आए तो कहीं अपने तीखे प्रकोप से झुलसाते हुए।

नागौर जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह करीब दस बजे एक बार धूलभरी आंधी चली तो आसमान में गर्द छा गई, जिसमें एकबारगी सूर्यदेव भी छुप गए। इसके बाद दिन में तेज गर्मी व उमस ने लोगों को काफी परेशान किया। शाम होते-होते एक बार फिर जिला मुख्यालय पर आंधी चली, जिससे मौसम में ठंडक घुली, लेकिन मौसम शांत हो गया।

इसके बाद रात करीब 8 बजे फिर धूलभरी आंधी चली और शहर के आधे क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। बारिश का दौर देर रात तक रुक-रुक कर जारी रहा।

वहीं गंगापुर सिटी मुख्यालय पर भी झमाझम बरसात होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। यहां पर करीब 1 इंच बारिश हुई । बारिश के दौरान कई बाजारों निचले इलाकों खाली भूखंडों और खेतों में पानी भर गया ।

इस दौरान बाजार में लोगों को गुजरने में परेशानी हुई। बारिश के दौरान तेज हवा भी चली। इस दौरान बिजली भी बंद रही । इधर बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। उन्हें खेती का कार्य मिल गया। बारिश से मंडी में खुले में रखी जींस के कट्टे भी भीग गए । बारिश के दौरान देवी स्टोर चौराहा नया बाजार फवारा चौक समेत कई स्थानों पर जलभराव की समस्या हो गई । बारिश बंद होने के करीब 1 घंटे बाद रास्तों का पानी उतरा । तब जाकर आवागमन सुचारू हो सका।

अगर देखा जाए तो प्रदेश में गर्मी के भयंकर प्रकोप के बाद ये प्री मानसून की ही दस्तक है। प्रदेश में जगह-जगह बारिश का दौर चालू है और इसी के साथ हर जिलों के तापमान में भी कमी देखी गई है। जहां रात का तापमान 35 से 38 डिग्री होता था, वहीं अब ये घटकर 28 डिग्री से 30 डिग्री सेल्सियस हो गया है।

Published on: