
नागौर. जिले में अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कानून व्यवस्था के लिए मंगलवार को एसपी परिस देशमुख ने जिले के थानाधिकारियों, वृत्ताधिकारियों एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की अपराध बैठक ली। बैठक में एसपी देशमुख ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के साथ जिला स्तर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा कर प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। एसपी देशमुख ने बैठक में सम्पत्ति सम्बन्धी तुलनात्मक अपराध, स्थानीय एवं विशेष अधिनियम अपराध एवं महिला अत्याचार के मामलों के साथ निरोधात्मक कार्रवाई, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार सम्बन्धित अपराधों की समीक्षा की। साथ ही बैठक में पैंडिंग मालखाना आइटम के निस्तारण, जिला स्तर से अपराधों की रोकथाम के साथ पुलिस मुख्यालय से अपराधों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा कर बेहतरीन कार्य करने के निर्देश दिए। एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अप्रेल में चलाए गए विशेष अभियान की समीक्षा की।
श्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित
एसपी ने बैठक के दौरान सराहनीय कार्य करने पर मेड़ता वृत्ताधिकारी राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर, प्रशिक्षु आईपीएस हर्षवर्धन अग्रवाला, मेड़ता रोड थानाधिकारी पूरणमल मीणा, खींवसर थानाधिकारी रमेशसिंह बिठू, साइबर सेल प्रभारी हैड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण, कुचेरा थाने के कांस्टेबल तेजाराम, खींवसर थाने के कांस्टेबल लक्ष्मणराम, भावण्डा थाने के कांस्टेबल श्रवणराम को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
सुभाष विश्नोई अपहरण मामले में दो गिरफ्तार
शहर की व्यास कॉलोनी से जनवरी माह में किया था अपहरण
नागौर. शहर की व्यास कॉलोनी से एक युवक का अपहरण करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गत 14 जनवरी की सुबह बोलेरो कैम्पर में सवार होकर आए युवकों ने व्यास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले सुभाष विश्नोई का अपहरण कर लिया था। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई गोविंदसिंह ने कुंदसू निवासी रमेश कुमार फौजी पुत्र श्रवणकुमार विश्नोई व मनीष पुत्र सुखराम विश्नोई को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार दिन बाद सुभाष को उसी के ससुराल से बरामद किया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित प्रेमरतन विश्नोई, सुभाष की पत्नी कविता सहित आधा दर्जन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था।
शराब पीकर वाहन चलाते एक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान शहर के बड़ली क्षेत्र में एक युवक को शराब पीकर वाहन चलाने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बड़ली निवासी विजेश कुरडिय़ा पुत्र भंवरलाल रेगर रात 9 बजे शराब पीकर मोटरसाइकिल चला रहा था। उसे रोककर पूछताछ की तो उसके पास गाड़ी के कागज नहीं मिले तथा शराब पीया हुआ था। जिस पर उसे गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
लूट के तीनों आरोपितों को जेल
मेड़ता रोड. कस्बे में एक युवक की आंखों में मिर्ची डालकर चाकू की नोक पर बीस लाख रुपए लूटने के आरोप में गिरफ्तार खेडूली निवासी पूनमचंद विश्नोई (32), सुखाराम विश्नोई (38) व सहीराम जाट को गिरफ्तार कर मंगलवार को मेड़ता न्यायालय में पेश किया गया। वहां से तीनों को जेल भेज दिया।