
Narmadapuram News :मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले हिल स्टेशन पचमढ़ी जाने वाले रास्ते पर ग्राम झिरिया से मटकुली तक 6 टाइगर सड़क के आसपास घूम रहे हैं। बीती देर रात करीब 2 बजे दो बाघों ने एक चलती कार पर हमला कर दिया। कार के शीशे पर पंजा मार दिया। यही नहीं, दोनों टाइगर कार के पीछे भी भागने लगे। कार चालक ने किसी तरह तेज रफ्तार कर अपनी जान बचाई। इसी तरह एक बाइक सवार दंपति पर भी टाइगर ने हमला किया। बाइक और कार सवारों ने किसी तरह जान बचाई और फारेस्ट के चैकपोस्ट पर पहुंचे।
जिले के पिपरिया में रहने वाले सुजीत पटवा ने बताया कि, देर रात वो नागपुर से पिपरिया की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान डोकरीखेड़ा से झिरिया के बीच रास्ते मे पहले एक टाइगर ने चलती कार पर हमले का प्रयास किया। इसी बीच माइल स्टोन के पास छिपकर बैठे एक दूसरे टाइगर ने हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर पहुंचे पटवा ने चैकपोस्ट पर कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। चैक पोस्ट पर पहले से खड़े बाइक सवार दंपति ने बताया कि, उन पर भी बाघ ने हमला किया था।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मुताबिक, जिस इलाके में बाघ के हमले की जानकारी मिली है। वो सामान्य रूप से वन क्षेत्र में आता है। इसके बाद दिन में भी लोग सड़क मार्ग से पचमढ़ी, मटकुली की तरफ जाने से कतराने लगे हैं। वन विभाग और एसटीआर ने जंगल गश्ती दलों को सतर्क कर दिया है। राहगीरों के सतर्क रह कर रात के समय अकेले मार्ग से निकलने में परहेज करने की सलाह दी जा रही है। घटना के बाद से राहगीरों में दहशत बन गई है। इस मार्ग से लोग दिन में भी गुजरने से डरने लगे हैं।
मार्ग से गुजरने वाले अन्य बाइक सवारों और बस चालकों को रोका
कार सवार पटवा ने बताया कि, घटना की जानकारी देने के बाद मैं काफी देर नाके पर ही खड़ा रहा। इस दौरान मटकुली, झिरिया की तरफ जाने वाले बाइक सवारों को रोक लिया। कुछ बस चालकों को भी रास्ते में टाइगर होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पिपरिया में 112 को घटना जानकारी देकर रात में घर गया।
एसटीआर के मुताबिक पिपरिया से पचमढ़ी जाने वाले मार्ग पर झिरिया और मटकुली में सड़क के आपास लगभग 6 बाघों की मौजूदगी हैं। झिरिया नाके के पास दो नर बाघ दिखे हैं। मटकुली के पास 1 बाघिन अपने 3 शावकों के साथ घूम रही है।
मामले को लेकर नर्मदापुरम एसडीओ पिपरिया बफर एसटीआर आशीष खोबरागढ़े का कहना है कि, झिरिया के पास कार, बाइक पर दो बाघ के हमला करने की जानकारी मिली है। घटना जिस जगह की बताई जा रही हे। वह सामान्य वन क्षेत्र में आता है। टीम को सतर्क कर दिया है। कार चालक और बाइक सवारों से बात करने का प्रयास करे रहे हैं।