नर्मदापुरम

एमपी में डेंगू से मौत होने पर प्रशासन अलर्ट, 277 घरों का किया गया सर्वे, आप भी रहें अलर्ट

Dengue Death: डेंगू से मौत के बाद प्रशासन ने घर-घर सर्वे, फॉगिंग और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने पहले की चेतावनियों को नजरअंदाज किया था।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:00 PM IST
डेंगू मच्छर, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
डेंगू मच्छर, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Narmdapuram news: एमपी में सिवनी मालवा में डेंगू के प्रकोप के बीच 32 वर्षीय रोमिता दुबे की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट हुआ है। घर-घर जांच की जा रही है। डेंगू, मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। 277 घरों का सर्वे कर 64 की स्क्रीनिंग की गई। इसमें 3 बुखार से पीडि़त मरीज मिले हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिला मलेरिया टीम एवं विकासखंड स्तरीय दल घर-घर जाकर सर्वे कर रहा है।

एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में पंचायत, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग का अमला गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण, जन जागरूकता की गतिविधियां कर रहा है। पूरे गांव में फागिंग की जा रही है। सिविल हॉस्पिटल सिवनी मालवा की बीएमओ डॉ कांति बाथम, डॉ बृजेश राजपूत, डॉ. प्रियंका मसराम, डॉ. मयंक व्यास, डॉ. रजनीश युवनाते, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं सहित कुल 45 सदस्यों की टीम घरों से लार्वा नष्ट कर दवाओं का छिडक़ाव कर रही है।

प्रशासन डेंगू से मौत मानने का तैयार नहीं

32 वर्षीय रोमिता दुबे की मौत पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय रहते डेंगू फैलने की आशंका से स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन विभाग ने गांव में डेंगू के मरीज होने की बात से इनकार कर दिया था। परिजनों के अनुसार 25 अक्टूबर को ही गांव में डेंगू फैलने की आशंका जताते हुए स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद डेंगू की स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया और मलेरिया की जांच की जाती रही। परिवार का दावा है कि इसके बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग डेंगू से पीड़ित हुए। उनके अपने घर में भी तीन लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए, जिनमें परिवार की छोटी बहू रोमिता दुबे की उपचार के दौरान मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि रोमिता दीपावली से ग्राम भिलाड़िया कलां में ही रह रही थी। 16 नवंबर को उसके सात वर्षीय बेटे का जन्मदिन भी गांव में मनाया गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। रोमिता का एक ही बेटा है। 32 वर्षीय महिला की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

निजी अस्पतालों का सहारा

परिजनों का कहना है कि वर्तमान में भी गांव में डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गांव में व्यापक डेंगू जांच अभियान चलाने, साफ-सफाई कराने, मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने और रोकथाम के प्रभावी उपाय करने की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की पूर्व कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।

इग्नोर न करें ये लक्षण

-अचानक तेज़ बुखार आना
-माथे या सिर में तेज़ दर्द
-आंखों के पीछे तेज दर्द जो हिलने पर बढ़े
-जोड़ों और मांसपेशियों में गंभीर दर्द
-जी मिचलाना और उल्टी होना
-अत्यधिक थकान और कमजोरी
-त्वचा पर लाल चकत्ते या रैश दिखना

Updated on:
27 Nov 2026, 5:00 PM IST
Published on: