नर्मदापुरम

पत्नी के जाने के बाद डॉक्टर को हुआ ड्राइवर की बीवी से प्यार, फिर रिश्तों में आया तूफान

Doctor Driver Wife Love Affair: ड्राइवर की हत्या कर शव के टुकड़े करने वाले प्रतिष्ठित डॉक्टर को हो चुकी है उम्रकैद, पत्नी की मौत के बाद ड्राइवर की पत्नी से बन गए थे डॉक्टर के रिश्ते।
2 min read
narmadapuram news
doctor driver wife love affair, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Gemini)

Narmadapuram Doctor Driver Wife Love Affair: उत्तर प्रदेश के मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को बीते दिनों कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। इस फैसले के बाद मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम (तब होशंगाबाद) जिले में करीब 8 साल पहले हुए एक जघन्य हत्याकांड की यादा ताजा कर दी हैं। तब होशंगाबाद में रहने वाले एक प्रतिष्ठित सरकारी डॉक्टर ने अपने ड्राइवर की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर एसिड से भरे ड्रम में डाल दिए थे। ये वारदात प्रदेश ही नहीं पूरे देश की मीडिया में सुर्खियों में रही थी। बाद में करीब 4 साल तक कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद आरोपी डॉक्टर को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और वो अब जेल की सलाखों के पीछे है।

फरवरी 2019 में हुई थी वारदात

तब 55 साल के डॉक्टर सुनील मंत्री इटारसी में हड्डी रोग विशेषज्ञ के पद पर पदस्थ थे। 4 फरवरी 2019 को डॉक्टर सुनील मंत्री ने अपने ड्राइवर वीरू पचौरी को दांत का इलाज करने के बहाने बेहोशी का इंजेक्शन देने के बाद उसकी हत्या की और शव को कई टुकड़े कर घर में रखे एसिड से भरे ड्रम में डाल दिया था। ताकि शव के टुकड़े गल जाएं, घर से शव की बदबू बाहर न जाए इसके लिए भी डॉक्टर सुनील ने तमाम कोशिशें कीं लेकिन बदबू फैलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी जिसके कारण डॉक्टर सुनील के जुर्म का पर्दाफाश हो गया।

आरोपी डॉक्टर सुनील मंत्री व मृतक वीरू पचौरी की फाइल फोटो (Source-Patrika)

बाथरूम में शव के टुकड़े कर रहा था डॉक्टर

पड़ोसियों की सूचना पर जब पुलिस डॉक्टर सुनील के घर में पहुंची तो वो घर के बाथरूम में शव के टुकड़े कर रहा था। हर तरफ खून बिखरा हुआ था, जिसे देखकर पुलिस वालों के भी होश उड़ गए, घर में एसिड से भरे ड्रम में शव के टुकड़े डले हुए थे, जिन्हें समेटकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया। बाद में कोर्ट ने साल 2023 में डॉक्टर सुनील मंत्री को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

ड्राइवरी की पत्नी से बन गए थे रिश्ते

वारदात की वजह ड्राइवर वीरू पचौरी की पत्नी से डॉक्टर सुनील मंत्री के रिश्ते बनना सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, डॉ. सुनील मंत्री की पत्नी सुषमा अपने घर में ही एक बुटीक चलाती थी, इसी बुटिक में वीरू की पत्नी भी काम करती थी। इसी दौरान डॉक्टर की पत्नी सुषमा की मौत हो गई और वीरू की पत्नी बुटीक संभालने लगी थी। दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं और संबंध बन गए थे। इस बात की भनक वीरू को लग चुकी थी और वो डॉक्टर को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा था। इसी कारण डॉक्टर सुनील मंत्री ने उसकी हत्या की थी।

Updated on:
15 Oct 2026 06:53 pm
Published on:
15 Oct 2026 06:53 pm