
Live-in Partner Murder Case: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक ही छत के नीचे लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रहने वाले कपल की प्रेम कहानी अचानक एक दिन खूनी दास्तान में बदल गई। मालाखेड़ी क्षेत्र में एक निजी कॉलोनी में रहने महिला की उसके लिव-इन पार्टनर ने चाकू मारकर कर हत्या कर दी। महिला को घायल अवस्था में मोहल्ले की बच्चियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया था। महिला को भोपाल रेफर किया गया था लेकिन उसके साथ कोई अटेंडर नहीं होने के कारण जिला अस्पताल के आईसीयू में ही भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद लिव-इन पार्टनर मौके से फरार हो गया था जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया मृतक महिला आशा यादव लिव इन पार्टनर गणपत चौरे के साथ रहती थी। बुधवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी गणपत ने महिला के पेट में चाकू मार दिए थे। घायल महिला के बयान पर पुलिस ने आरोपी गणपत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पूछताछ में मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी गणपत ने पड़ोसियों को बताया था कि उसने महिला को चाकू मारा है। इसके बाद हाथ में एक थैला लेकर फरार हो गया। मोहल्ले वालों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी गणपत घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। महिला को मौत होते ही कोतवाली पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लगा मिला।
आरोपी गणेश की तलाश के लिए एसपी साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने आरोपी के पैतृक गांव रैसलपुर सहित उसके रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी। पुलिस को अंदेशा था कि आरोपी किसी भी समय जिला छोड़ सकता है। इसी बीच सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
लगातार दो दिनों तक चली तलाश के बाद शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी नर्मदापुरम बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास छिपा हुआ है और शहर से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर परिवहन विभाग क्वार्टर के पास गुप्ता ग्राउंड क्षेत्र से आरोपी को पकड़ लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ज्यादा देर तक सच नहीं छिपा सका। उसने महिला पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।