
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के वैजापुर में 23 वर्षीय रोहित पठारे की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों को पकड़ा जा चुका है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते रोहित को घर से अगवा कर कई जगह घुमाया गया और बेरहमी से पीटा गया। उसके शरीर में पेचकस भी घोंपा गया। इस घटना से पूरे महाराष्ट्र में आक्रोश है। अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
मृतक की पहचान रोहित अनिल पठारे (23) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में अमन सत्यपाल उंटवाल, आनंद संतोष मथुरे उर्फ राजपूत, अमर मदनसिंह राजपूत, शंकर उर्फ प्रतीक राजू राजपूत, गजू उर्फ गजेंद्र रविंद्रसिंह राजपूत, क्रिश प्रतमसिंह राजपूत, लोकेश उर्फ सोनू गबररसिंह राजपूत, प्रमोद ज्ञानेश्वर वाघचौरे, मयूर बाबासाहेब राहणे और विशाल कड़े शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुए पुराने विवाद को लेकर वैजापुर शहर के येवला रोड स्थित एक होटल के सामने दो गुटों में हथियारों से मारपीट हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने रोहित को उसके घर से जबरन उठा लिया। उसे अलग-अलग चौक-चौराहों पर ले जाकर पीटा गया। आरोपियों ने पत्थरों से उसके पैर कुचल दिए और शरीर में पेचकस घोंप दिया। बाद में उपचार के दौरान रोहित की मौत हो गई।
इस मामले में हत्या, अपहरण और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी अमन सत्यपाल उंटवाल के शेवगांव तहसील के टाकली इलाके में एक सुनसान जगह पर बने बंद मकान में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद से ही महाराष्ट्र में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले गुट) के नेता संजय ठोकल, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष भालेराव और वंचित बहुजन आघाड़ी के अफसर खान सहित कई नेताओं ने पठारे परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।