राष्ट्रीय

Maharashtra Crime: ‘मुझसे शादी कर, नहीं तो फोटो वायरल कर दूंगा’ युवक की धमकियों से उजड़ा परिवार, दो गिरफ्तार

Solapur Student Death: सोलापुर में 18 वर्षीय डिप्लोमा छात्रा को एक युवक शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहा था। इस मामले में परेशान छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 9:09 PM IST
Solapur Student Death
प्रतीकात्मक तस्वीर

Girl Harassment Case: शादी के लिए दबाव बनाने और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी से परेशान 18 वर्षीय डिप्लोमा छात्रा की संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपस में सगे चचेरे भाई हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन की पुलिस हिरासत मिली है। पुलिस उपअधीक्षक गणेश शिंदे पाटिल ने इसकी जानकारी दी।

छात्रा के घर आता था आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविकांत महादेव सुरवसे और सिद्धराम उर्फ सिद्धराय सुरवसे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविकांत छात्रा के घर आता था। आरोप है कि वह उस पर शादी करने के लिए लगातार दबाव डाल रहा था। वह छात्रा को धमकी देता था कि यदि उसने उससे शादी नहीं की तो उसकी निजी तस्वीरें वायरल कर देगा। इस वजह से छात्रा तनाव में रहने लगी थी। परिजनों की शिकायत के अनुसार मंगलवार 17 नवंबर की रात छात्रा घर पर थी। इसी दौरान रविकांत वहां आया और फिर शादी के लिए दबाव बनाने लगा।

तस्वीरें वायरल करने की धमकी

उसने तस्वीरें वायरल करने की धमकी भी दी। लगातार मिल रही धमकियों और दबाव से परेशान छात्रा की उसी रात संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे रात करीब नौ बजे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत छात्रा डिप्लोमा के दूसरे वर्ष में पढ़ रही थी। परिजनों के मुताबिक वह पढ़ाई में अच्छी और मिलनसार स्वभाव की थी। 29 अक्टूबर को ही उसका जन्मदिन मनाया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़ाई पूरी कर आगे बढ़ेगी, लेकिन कुछ ही दिनों में यह हादसा हो गया।

परिवार की इकलौती बेटी

छात्रा के परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। वह परिवार की इकलौती बेटी थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता ने सिविल पुलिस चौकी में शिकायत दी थी, जिसके आधार पर मंदरूप थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि धमकियां कब से दी जा रही थीं और दूसरे आरोपी की भूमिका क्या थी।

Updated on:
19 Nov 2026, 9:09 PM IST
Published on: