
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) बाजार में आ गई है। सोनिया गांधी ने इस किताब में कई खुलासे किए है। वहीं सिखों के नरसंहार को लेकर भी सोनिया गांधी ने किताब में जिक्र किया है। इस पर दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने 1984 में हजारों निर्दोष सिखों के नरसंहार को लेकर किताब में किए गए दावों पर सवाल उठाए हैं।
मंत्री सिरसा ने कहा कि इस किताब में कई तथ्यात्मक गलतियां हैं और वे एक-एक कर इन दावों की सच्चाई सामने लाएंगे। उन्होंने किताब के वास्तविक शीर्षक पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें किए गए दावों और तथ्यों की पड़ताल जरूरी है।
मंत्री सिरसा ने 1984 में श्री दरबार साहिब पर हुए सैन्य हमले से जुड़े किताब के एक अंश को पढ़ते हुए कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने लिखा है कि घटना के करीब एक सप्ताह बाद एक खुफिया अधिकारी तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पास एक फिल्म लेकर आया था। इस फिल्म में हमले के बाद के भयावह दृश्य थे और जमीन पर शव पड़े दिखाई दे रहे थे।
सिरसा ने इस दावे को लेकर सवाल उठाए और कहा कि वे किताब में लिखी गई बातों की सच्चाई को सामने रखेंगे।
मंत्री सिरसा ने कहा कि श्री दरबार साहिब पर हमला सिखों को सबक सिखाने के उद्देश्य से किया गया था। उनका आरोप है कि आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी का विरोध करने के कारण सिख समुदाय को निशाना बनाया गया।
इस दौरान उन्होंने हमले की तारीख के चयन पर भी सवाल उठाया। मंत्री सिरसा ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस को हमले के लिए चुना। इस दिन बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे श्री दरबार साहिब में मौजूद थे।
मंत्री ने मौजूदा प्रधानमंत्री की ओर से गुरुओं के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि देने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का जिक्र करते हुए तत्कालीन सरकार के फैसले पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि 1984 की घटनाओं से जुड़े दावों और किताब में लिखी गई बातों का तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाएगा।